भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रिकॉर्ड छठी बार जीता जूनियर एशिया कप, फाइनल

मोकी (चीन), 13 सितंबर । भारत की जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को मोकी ट्रेनिंग बेस पर खेले गए फाइनल में साउथ कोरिया को 4-1 से हराकर रिकॉर्ड छठी बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया।

भारतीय पुरुष टीम ने लगातार चौथी बार यह महाद्वीपीय खिताब जीता और एफआईएच जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालीफाई किया। एशियाई प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम का दबदबा रहा। भारत के लिए अजीत यादव, अनमोल एक्का, प्रभदीप सिंह और आशु मौर्य ने गोल किए, जबकि कोरियाई टीम के लिए एकमात्र गोल ली मिनह्योक ने किया।

यादव ने 9वें मिनट में भारत के लिए पहला गोल किया, जिसके बाद एक्का ने 13वें मिनट में गोल करके भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया। पहले क्वार्टर के अंत तक भारत 2-0 से आगे हो गया। प्रभदीप ने 21वें मिनट में भारत के लिए तीसरा गोल किया। भारत ने अपना दबदबा बनाए रखा और हाफ-टाइम ब्रेक तक कोरियाई टीम पर 3-0 की बड़ी बढ़त बना ली।

साल 2000 की चैंपियन टीम को वापसी के लिए कुछ खास करने की जरूरत थी, लेकिन वे वापसी करने में नाकाम रहे। मौर्य ने 50वें मिनट में भारत के लिए एक और गोल करके टीम की बढ़त को 4-0 कर दिया। इसके बाद मिनह्योक ने 54वें मिनट में कोरियाई टीम के लिए गोल किया, लेकिन उनका यह एकमात्र गोल कोई खास असर नहीं डाल सका और भारत ने 4-1 से मुकाबला जीतकर छठी बार यह महाद्वीपीय खिताब अपने नाम किया।

भारत ने अब लगातार चौथी बार जूनियर हॉकी एशिया कप जीता है और लगातार तीन खिताब जीतने के मामले में पाकिस्तान के साथ बराबरी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस हालिया जीत से पहले भारतीय टीम ने 2015, 2023 और 2024 में खिताब जीते थे। भारत पहले से ही इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम रही है। पाकिस्तान इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर है, जिसने 1988 से 1996 के बीच तीन खिताब जीते थे। कोरिया ने 2000 में एक बार ट्रॉफी को अपने नाम किया था, जबकि मलेशिया ने 2012 में खिताब जीता था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter