आईपीएल 2026: सैमसन-ब्रेविस की दमदार पारी, केकेआर के खिलाफ सीएसके के 5 विकेट पर 192 रन

चेन्नई, 14 अप्रैल। आईपीएल- 2026 के 22वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की भिड़ंत एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के साथ हो रही है। पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 192 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। 

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की खराब फॉर्म इस मुकाबले में भी जारी रही। ऋतुराज 6 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद दूसरे विकेट के लिए संजू सैमसन और आयुष म्हात्रे ने मोर्चा संभाला और 22 गेंदों में 47 रनों की अहम साझेदारी निभाई। 

आयुष महज 17 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 38 रन बनाने के बाद आउट हुए। वहीं, संजू सैमसन ने 32 गेंदों में 48 रन बनाए। सैमसन ने अपनी इस पारी में 4 चौके और 3 छक्के लगाए।

सरफराज खान अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 18 गेंदों में 23 रन बनाने के बाद सुनील नरेन की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। डेवाल्ड ब्रेविस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 41 रनों का योगदान दिया। ब्रेविस ने अपनी इस पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए। 

अंत के ओवरों में शिवम दुबे संघर्ष करते हुए नजर आए और वह 12 गेंदों में 13 और जेमी ओवरटन 7 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में केकेआर की ओर से कार्तिक त्यागी ने 35 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि वैभव अरोड़ा, अनुकूल रॉय और सुनील नरेन ने एक-एक विकेट निकाला।

ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स इस मुकाबले में संजू सैमसन (विकेटकीपर), आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, सरफराज खान, जेमी ओवरटन, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, खलील अहमद और गुरजपनीत सिंह के साथ मैदान पर उतरी है।

अजिंक्य रहाणे की अगुवाई में कोलकाता नाइट राइडर्स इस मुकाबले में अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, रिंकू सिंह, रोवमैन पॉवेल, रमनदीप सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, कार्तिक त्यागी और वैभव अरोड़ा के साथ खेल रही है।

Source: IANS

Advertisement

Get Newsletter