शुभमन गिल ने जीता पॉली उमरीगर अवॉर्ड, बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर चुने गए भारतीय कप्तान

नई दिल्ली, 15 मार्च। टीम इंडिया के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को बीसीसीआई ने पॉली उमरीगर अवॉर्ड से सम्मानित किया है। बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स में गिल को साल 2024-25 का बेस्ट मेंस इंटरनेशनल क्रिकेटर चुना गया है। गिल का प्रदर्शन साल 2025 में बल्ले से शानदार रहा।  

शुभमन गिल ने साल 2025 में खेले 9 टेस्ट मैचों की 16 पारियों में 70 की औसत से खेलते हुए 983 रन बनाए। क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में गिल ने बीते साल 5 शतक और एक अर्धशतक लगाया। इंग्लैंड की धरती पर खेली गई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में गिल ने 754 रन बनाए। वह इंग्लिश सरजमीं पर भारत की ओर से एक टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले कप्तान बने। चार शतक के साथ-साथ उन्होंने एक दोहरा शतक भी लगाया। वहीं, वनडे फॉर्मेट में भी गिल का प्रदर्शन लाजवाब रहा। भारतीय कप्तान ने 50 ओवर के फॉर्मेट में खेले 11 मुकाबलों में 49 की औसत से 490 रन बनाए। शुभमन ने वनडे क्रिकेट में पिछले साल 2 शतक और दो अर्धशतक लगाए।

साल 2025 में शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने 12 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी के खिताब को भी अपने नाम किया। गिल की अगुवाई में टीम इंडिया फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर चैंपियन बनी। इस टूर्नामेंट में भी शुभमन ने 5 मुकाबलों में 47 की औसत से खेलते हुए 188 रन बनाए। हालांकि, गिल टी20 टीम में अपनी जगह नहीं बना सके। एशिया कप 2025 में गिल का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वह 7 मुकाबलों में 21 की औसत से महज 127 रन ही बना सके।

एशिया कप में खराब प्रदर्शन के चलते गिल को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए चुनी गई भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया। साल 2025 में क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में खेले 15 मुकाबलों में शुभमन गिल 24 की औसत और 137 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 291 रन ही बना सके। टी20 इंटरनेशनल में पिछले साल गिल ने एक भी शतक या अर्धशतक नहीं लगाया। बतौर कप्तान और बल्लेबाज शुभमन गिल की निगाहें अब 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप पर होंगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement