भारतीय क्रिकेट का हिस्सा बनना मेरे लिए बड़ी खुशकिस्मती की बात: राहुल द्रविड़

नई दिल्ली, 16 मार्च। टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच और कप्तान राहुल द्रविड़ को रविवार को बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स में लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। राहुल ने कहा कि यह उनके लिए बहुत बड़ा सम्मान है और भारतीय क्रिकेट का हिस्सा बनना उनके लिए खुशकिस्मती की बात है। द्रविड़ के हेड कोच रहते हुए भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2024 के खिताब को अपने नाम किया था। वहीं, 2023 में वनडे वर्ल्ड कप में भी टीम इंडिया ने फाइनल तक का सफर तय किया था।  

राहुल द्रविड़ के साथ-साथ बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष रोजर बिन्नी और मिताली राज को कर्नल सी.के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा गया। बीसीसीआई द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में द्रविड़ ने कहा, "मुझे लगता है कि मैंने हमेशा अपनी भूमिका को बस एक मशाल थामने वाले के तौर पर देखा है। मैंने पिछली पीढ़ी से मशाल थामी—चाहे मैं एक खिलाड़ी के तौर पर खेल रहा था या फिर बतौर एक कोच—मैंने बस उस अच्छे काम को आगे बढ़ाया है, जो दूसरे लोगों ने किया था।"

राहुल द्रविड़ ने कहा, "मेरा भी एक दौर था, जब मुझे योगदान देने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का मौका मिला। मुझे यह देखकर बहुत गर्व और खुशी होती है कि अगली पीढ़ी किस तरह उस विरासत को आगे बढ़ा रही है। हमें जो सफलताएं मिली हैं उसका बहुत बड़ा श्रेय मौजूदा मैनेजमेंट, टीम और भारतीय क्रिकेट से जुड़े हर व्यक्ति को जाता है। इस खेल में हम सभी का अपना-अपना समय आता है और हमें अपना योगदान देना होता है। मैंने भी अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की है। मैं अपने से पिछली पीढ़ियों से प्रेरित रहा हूं और यह देखना सचमुच अद्भुत है कि हमारे बाद आने वाली पीढ़ियां इस विरासत को और भी ऊंचे मुकाम पर ले जा रही हैं।"

भारतीय टीम के कप्तान और कोच पद को संभाल चुके राहुल द्रविड़ ने कहा कि यह अवॉर्ड पाना उनके लिए अत्यंत कृतज्ञता का क्षण था। "यह अवॉर्ड पाकर मैं बहुत खुश हूं। मेरा मतलब है कि मैं इस अवॉर्ड के पिछले विजेताओं के नक्शेकदम पर चला, जो हमारे देश में इस खेल के सबसे बड़े दिग्गज खिलाड़ी रहे हैं। यह सच में वह लोग हैं जिन्हें मैंने अपना आदर्श माना है, जिनकी तारीफ की है, और यह सभी मेरे लिए बहुत बड़ी प्रेरणा रहे हैं।"

द्रविड़ ने कहा कि यह मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। मैं इसके लिए दिल से आभारी हूं और खुद को बहुत विनम्र महसूस करता हूं। जब मैं छोटा था और पहली बार अंडर-15 क्रिकेट खेल रहा था, तब से लेकर आज तक मुझे भारतीय क्रिकेट से जुड़े रहने का मौका मिला। इतने वर्षों में जो भी अवसर मुझे मिले, उनके लिए मैं बहुत शुक्रगुजार हूं। सच कहूं तो भारतीय क्रिकेट का हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत बड़ी खुशकिस्मती की बात है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement