हॉकी वर्ल्ड कप: 19 अगस्त को भारत-पाकिस्तान की पुरुष टीमों के बीच हाईवोल्टेज मैच

एम्स्टर्डम, 18 मार्च। एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत 19 अगस्त को पूल-डी के मैच में पाकिस्तान से भिड़ेगा। यह हाईवोल्टेज मैच शाम 6:30 बजे से एम्स्टेलवीन के वैगेनर हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस चार-टीम वाले पूल में वेल्स और इंग्लैंड भी शामिल हैं। 

वर्ल्ड रैंकिंग में 8वें स्थान पर काबिज भारत को पूल डी में अपने पड़ोसी और चार बार के वर्ल्ड कप विजेता पाकिस्तान के साथ रखा गया है। इस पूल से शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी, जबकि अगले दो स्थानों पर रहने वाली टीमें क्रॉस-ओवर मुकाबलों में हिस्सा लेंगी।

मंगलवार को एम्स्टर्डम के वैगेनर स्टेडियम में एक रोमांचक ड्रॉ सेरेमनी आयोजित की गई। इसके बाद, इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (एफआईएच) ने वर्ल्ड कप के मैचों का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। 

1975 की वर्ल्ड कप विजेता भारत 16 टीमों वाले पुरुषों के इस टूर्नामेंट में अपना अभियान 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ शुरू करेगा। यह एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप का पहला दिन होगा और मैच भारतीय समयानुसार शाम 4.30 बजे शुरू होगा। इसके बाद 17 अगस्त को भारत का मुकाबला चौथी रैंक वाली टीम इंग्लैंड से एम्स्टेलवीन के वैगनर हॉकी स्टेडियम में होगा। इंग्लैंड, पूल डी के एक और अहम मैच में 15 अगस्त को पाकिस्तान से भिड़ेगा। पहले राउंड के मैच 20 अगस्त तक चलेंगे, और नॉक-आउट चरण के मैच 21 अगस्त से खेले जाएंगे।

इस बीच, भारतीय महिला हॉकी टीम अपना अभियान 16 अगस्त को एम्स्टर्डम के वैगनर स्टेडियम में एशियन चैंपियन चीन के खिलाफ शुरू करेगी, जो वर्ल्ड रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज है। इसके बाद 18 अगस्त को उनका मुकाबला साउथ अफ्रीका से होगा। पहले राउंड का उनका आखिरी मैच 20 अगस्त को वर्ल्ड रैंकिंग में सातवें स्थान पर काबिज इंग्लैंड से होगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 15 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया और जापान की महिला टीमों के बीच होने वाले उद्घाटन मैच से होगी। यह प्रतियोगिता 30 अगस्त तक चलेगी।

पुरुष और महिला हॉकी वर्ल्ड कप पहली बार संयुक्त रूप से बेल्जियम और नीदरलैंड्स की ओर से आयोजित किए जा रहे हैं। कुल मिलाकर, प्रतियोगिता के पहले दिन दो अलग-अलग वेन्यू एम्स्टेलवीन के वैगनर स्टेडियम और बेल्जियम के वेव्रे स्थित बेल्फियस हॉकी एरिना पर छह मैच खेले जाएंगे। इनमें से तीन मैच पुरुषों के और तीन महिलाओं के होंगे।

भारत के अलावा, नीदरलैंड्स, बेल्जियम, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, अर्जेंटीना, स्पेन, न्यूजीलैंड, जापान और साउथ अफ्रीका ने इस प्रतियोगिता के पुरुष और महिला, दोनों ही वर्गों के लिए क्वालीफाई किया है। भारतीय पुरुष टीम ने एशिया कप जीतकर इस टूर्नामेंट में जगह बनाई, जबकि महिला टीम ने तेलंगाना के हैदराबाद में आयोजित क्वालिफाइंग टूर्नामेंट में दूसरा स्थान हासिल करके क्वालीफाई किया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement