आईपीएल: ईशान को मिली सनराइजर्स हैदराबाद की कमान, कमिंस की गैरमौजूदगी में संभालेंगे जिम्मा

हैदराबाद, 18 मार्च। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के नियमित कप्तान पैट कमिंस फिलहाल पीठ की चोट से उबर रहे हैं। ऐसे में विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन शुरुआती कुछ मुकाबले में टीम की कप्तानी करेंगे। अभिषेक शर्मा टीम के उप-कप्तान होंगे। फ्रेंचाइजी ने बुधवार को यह घोषणा की है। 

सनराइजर्स हैदराबाद 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ अपने आईपीएल 2026 अभियान की शुरुआत करेगी।

सनराइजर्स हैदराबाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "पैट कमिंस चोट से उबरने के दौरान कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे। जब तक वह ठीक नहीं हो जाते, ईशान किशन कप्तान और अभिषेक शर्मा उप-कप्तान रहेंगे।"

पैट कमिंस ने दिसंबर 2025 में एडिलेड में हुए तीसरे एशेज टेस्ट के बाद से कोई भी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। वेस्टइंडीज दौरे के बाद पीठ के निचले हिस्से में लम्बर बोन स्ट्रेस इंजरी के कारण वह खेल से बाहर हो गए थे। इसी चोट के चलते उन्हें एशेज के शेष मुकाबलों और आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 से भी बाहर होना पड़ा था। उम्मीद है कि यह ऑलराउंडर आईपीएल 2026 के बाद के चरणों में टीम से जुड़ेगा।

ईशान किशन आईपीएल 2025 से ही सनराइजर्स हैदराबाद टीम का हिस्सा हैं, उन्होंने हालिया घरेलू सीजन में झारखंड की कप्तानी करते हुए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब जीता था। 

कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी करने के लिए उनके पास मजबूत दावेदारी है। उन्होंने आईपीएल में अब तक किसी भी टीम की कप्तानी नहीं की है। यह बतौर कप्तान आईपीएल में उनका पहला अनुभव होगा।

दूसरी ओर, अभिषेक शर्मा आईपीएल 2019 से सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आईपीएल खेल रहे हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड के साथ मिलकर एक बेहद आक्रामक सलामी जोड़ी बनाई है। जहां एक तरफ शानदार फॉर्म में चल रहे किशन ने भारत की टी20 विश्व कप जीत में तीन अर्धशतक जड़े, वहीं अभिषेक ने भी अपनी लय हासिल करते हुए फाइनल मैच में सिर्फ 18 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था। भारत ने यह फाइनल 96 रनों से जीता था। अभिषेक आईपीएल 2026 में भी अपनी इसी फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement