आईपीएल 2026: एसआरएच ने डेविड पेन की जगह दक्षिण अफ्रीका के इस तेज गेंदबाज को शामिल किया

हैदराबाद, 18 अप्रैल । सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने शनिवार की शाम को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ होने वाले मैच से पहले इंजरी की वजह से सीजन से बाहर हुए डेविड पेन के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है।

एसआरएच ने डेविड पेन के रिप्लेसमेंट के रूप में दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजी ऑलराउंडर गेराल्ड कोएत्जी को टीम में शामिल किया है। कोएत्जी को एसआरएच ने 2 करोड़ में अपने साथ जोड़ा है। वह आईपीएल 2026 की नीलामी में नहीं बिके थे।

कोएत्जी पूर्व में आईपीएल का हिस्सा रह चुके हैं। वह मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस की तरफ से खेल चुके हैं। दोनों टीमों के लिए खेलते हुए 14 मैचों में उनके नाम 15 विकेट हैं।

गेराल्ड निचले क्रम के उपयोगी बल्लेबाज भी हैं। इसलिए उनके जुड़ने से एसआरएच की गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी भी मजबूत हुई है।

एसआरएच के लिए अच्छी खबर यह भी है कि इंजरी से रिकवरी की प्रक्रिया से गुजर रहे टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस को भी पूरी तरह से फिट घोषित किया जा चुका है। वह जल्द टीम से जुड़ेंगे। कमिंस 25 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मैच में एसआरएच की तरफ से खेलते हुए दिख सकते हैं।

कमिंस एक विश्व विजेता कप्तान हैं। उनके जुड़ने से एसआरएच का नेतृत्व पक्ष मजबूत होगा, साथ ही टीम की गेंदबाजी और बल्लेबाजी भी मजबूत होगी।

एसआरएच के प्रदर्शन पर गौर करें तो टीम सीजन के शुरुआती 5 मैचों में 2 जीत और 3 हार के साथ 4 अंक लेकर अंकतालिका में पांचवें स्थान पर है। शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ होने वाला मुकाबला टीम के बहुत अहम है। इस मैच में जीत दर्ज कर टीम अंकतालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर सकती है।

आरआर के खिलाफ पिछले मैच में एसआरएच के लिए डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाजों प्रफुल्ल हिंगे और साकिब ने बेहतरीन गेंदबाजी की थी और टीम को जीत दिलाने में यादगार भूमिका निभाई थी। सीएसके के खिलाफ भी कप्तान इन दोनों गेंदबाजों से वैसे ही प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement