टी20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान के खिलाफ खेलने के लिए उत्साहित सेंटनर, चैपमेन ने दी कप्तान की हेल्थ अपडेट

कोलंबो, 20 फरवरी। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच सुपर-8 का मुकाबला शनिवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर मार्क चैपमेन ने कहा कि नियमित कप्तान मिचेल सेंटनर पाकिस्तान के खिलाफ मैच को लेकर उत्साहित हैं। 

शुक्रवार को हुए प्रेस कांफ्रेंस में मार्क चैपमेन ने मिचेल सेंटनर की हेल्थ अपडेट दी। सेंटनर बीमार होने की वजह से कनाडा के खिलाफ ग्रुप स्टेज का मैच नहीं खेल पाए थे। 

चैपमैन ने कहा, "सैंटनर काफी फुर्तीले दिख रहे हैं, इसलिए मुझे लगता है कि वह मैदान पर वापस आने को लेकर काफी उत्साहित हैं। आखिरी समय में किसी बीमारी को छोड़कर, मुझे लगता है कि वह मैदान पर होंगे। लॉकी फर्ग्यूसन फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं। वह जल्द टीम से जुड़ सकते हैं।" 

तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन पैतृक अवकाश पर स्वदेश गए हैं। 

पाकिस्तान के खिलाफ पिछले कुछ समय में न्यूजीलैंड ने काफी क्रिकेट खेली है। ऐसे में इस टीम के खिलाफ आने वाली चुनौतियों का अंदाजा कीवी टीम को है। टीम स्पिन गेंदबाजी की वजह से होने वाली परेशानी को भी बखूबी समझती है। 

चैपमेन ने कहा, "उस्मान तारिक का एक्शन अनोखा है, जिस तरह से वह क्रीज पर रुकता है, उस पर ध्यान देने की जरूरत है। पाकिस्तान के पास और भी अच्छे स्पिनर हैं इसलिए सिर्फ तारिक पर ध्यान न देकर हमारा फोकस सभी गेंदबाजों पर रहेगा। हम एक टीम के रूप में मजबूती से पाकिस्तान के खिलाफ उतरना चाहते हैं।"

न्यूजीलैंड ने विश्व कप से पहले 5 टी20 मैचों की सीरीज के लिए भारत का दौरा किया था। पाकिस्तान के खिलाफ न्यूजीलैंड को मैच श्रीलंका में खेलना है। दोनों जगहों की परिस्थितियों पर चैपमेन ने कहा, "कोलंबो के हालात भारत में टूर्नामेंट में पहले मिले हालात से काफी अलग होने की उम्मीद है।"

उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि भारत में हमने देखा है कि पिचें, खासकर लाल मिट्टी पर, बल्लेबाजी के लिए अच्छी रही हैं। गेंदबाजों के लिए यह काफी मुश्किल रहा है। आपने बहुत सारे मैचों में नियमित रूप से 200 के स्कोर के करीब देखे हैं। श्रीलंका में पिच धीमी है। उम्मीद है कि गेंदबाजों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा।"

उन्होंने कहा, "श्रीलंका की पिचें स्पिन के लिए ज्यादा मददगार हैं। हम इंतजार करेंगे और देखेंगे कि पिच कैसी दिखती है। हम किसी भी तरीके को अपनाने से पहले पिच को अच्छी तरह से पढ़ेंगे।" 

न्यूजीलैंड को सुपर-8 के अपने तीनों मैच कोलंबो में खेलने हैं। चैपमेन ने माना कि इसका उनकी टीम को फायदा हो सकता है। 

उन्होंने कहा, "मुझे लगता है, जब आप इन टूर्नामेंट में खेलते हैं, तो एक जगह से दूसरी जगह जाना और एडजस्ट करना बड़ी चुनौती होती है। मुझे लगता है कि यहां तीनों मैच खेलकर, हम हर गेम में सीखते रहेंगे। एक ही जगह पर खेलना हमारे लिए अच्छा है।" 

Source: IANS

You Might Also Like

Advertisement

Get Newsletter