टी20 सीरीज: सोफी डिवाइन का अर्धशतक, न्यूजीलैंड ने तीसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका को 6 विकेट से हराया

ऑकलैंड, 20 मार्च। न्यूजीलैंड महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ द इडेन पार्क में खेले गए टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले को 6 विकेट से जीतकर सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली है। 

न्यूजीलैंड को जीत के लिए 150 रन का लक्ष्य मिला था। कीवी टीम ने 18.4 ओवर में 4 विकेट पर 152 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीत लिया। कीवी टीम की तरफ से अनुभवी खिलाड़ी सोफी डिवाइन ने शानदार अर्धशतक लगाया। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आईं डिवाइन ने 38 गेंदों पर 1 छक्का और 6 चौकों की मदद से नाबाद 55 रनों की पारी खेली और मैडी ग्रीन 34 के साथ 84 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। कप्तान अमेलिया केर ने भी 30 रन बनाए। 

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और 9 के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाज आउट हो चुके थे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आईं कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने चौथे नंबर की बल्लेबाज नेरी डर्कसेन के साथ तीसरे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। 60 के स्कोर पर डर्कसेन 18 गेंद पर 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुईं। 

इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। कप्तान वोल्वार्ड्ट 39 गेंदों पर 37 रन बनाकर आउट हुईं। वोल्वार्ड्ट को अमेलिया केर ने रन आउट कर दिया। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आईं कायला रेनेके ने 20 गेंदों पर 3 छक्कों और 2 चौकों की मदद से नाबाद 34 रन बनाकर टीम का स्कोर 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 149 तक पहुंचाया था।

21 रन देकर 2 विकेट लेने और नाबाद 55 रन बनाने वाली सोफी डिवाइन प्लेयर ऑफ द मैच रहीं। सीरीज का चौथा मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। 

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement