टी20 सीरीज: न्यूजीलैंड ने चौथा मैच जीता, दक्षिण अफ्रीका पर 3-1 की अजेय बढ़त

वेलिंगटन, 22 मार्च। न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही घरेलू टी20 सीरीज जीत ली है। रविवार को खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 6 विकेट से हराकर सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली।

दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए थे। एनेरी डर्कसेन ने सर्वाधिक 55 रन की पारी खेली थी। 32 गेंदों की इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 1 छक्का लगाया। सलामी बल्लेबाज सुने लुस 30 रन बनाकर दूसरी शीर्ष स्कोरर रहीं। 

न्यूजीलैंड की तरफ से जेस केर ने शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर में मात्र 16 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके अलावा कप्तान अमेलिया केर और सोफी डिवाइन को 1-1 विकेट मिला। 

न्यूजीलैंड ने 160 रन का लक्ष्य 18.3 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करने में सोफी डिवाइन ने एक बार फिर बड़ा योगदान दिया। डिवाइन ने 34 गेंदों पर 4 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 64 रन की पारी खेली। इसके अलावा कप्तान अमेलिया केर ने 31 और जॉर्जिया प्लिमर ने 29 रन बनाए। ब्रूक हैलिडे 16 और मैडी ग्रीन 9 रन बनाकर नाबाद रहीं। 

दक्षिण अफ्रीका के लिए क्लो ट्रायोन ने 2, जबकि एनेरी डर्कसन और एन मल्बा ने 1-1 विकेट लिए। 

न्यूजीलैंड की जेस केर प्लेयर ऑफ द मैच रहीं। 

सीरीज का पांचवां मुकाबला हेग्ले ओवल, क्राइस्टचर्च में 25 मार्च को खेला जाएगा। 

इस समय दक्षिण अफ्रीका की महिला और पुरुष क्रिकेट टीम 5-5 टी20 मैचों की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड के दौरे पर हैं। न्यूजीलैंड की महिला और पुरुष टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। महिला टीम टी20 सीरीज जीत चुकी हैं। न्यूजीलैंड महिला टीम सीरीज में 3-1 से आगे है, जबकि पुरुष टीम ने 2-1 की महत्वपूर्ण बढ़त बनाई हुई है। 
 

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement