टी20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान के नए 'सिक्सर किंग' बने साहिबजादा फरहान, दर्ज हुआ बड़ा रिकॉर्ड
पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने छक्कों का नया रिकॉर्ड बना दिया है।
पल्लेकेले, 24 फरवरी। टी20 विश्व कप 2026 में मंगलवार को पाकिस्तान की भिड़ंत इंग्लैंड के साथ हो रही है। पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने छक्कों का नया रिकॉर्ड बना दिया है।
फरहान पाकिस्तान की तरफ से टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने मोहम्मद रिजवान का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस विश्व कप में फरहान अब तक 13 छक्के लगा चुके हैं। वहीं, टी20 विश्व कप 2021 में रिजवान ने 12 छक्के लगाए थे।
फरहान ने ग्रुप स्टेज की अपनी शानदार फॉर्म को इंग्लैंड के खिलाफ भी जारी रखा। एक छोर से विकेट गिरने के बावजूद वह क्रीज पर डटे रहे, और उन्होंने 45 गेंदों में 63 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस इनिंग के दौरान फरहान ने 7 चौके और 2 छक्के लगाए। उन्होंने बाबर आजम के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 46 रन जोड़े। वहीं, चौथे विकेट के लिए फखर जमान संग मिलकर 49 रनों की साझेदारी जमाई।
हालांकि, फरहान के अलावा पाकिस्तान के बाकी बल्लेबाज रनों के लिए तरसते हुए नजर आए। सैम अयूब सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हुए तो कप्तान सलमान आगा महज 5 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फखर जमान अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 16 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, बाबर आजम 24 गेंदों में 25 रन बनाने के बाद जेमी ओवरटन की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए।
मोहम्मद नवाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे तो विकेटकीपर-बल्लेबाज उस्मान खान सिर्फ 8 रन ही बना सके। शादाब खान ने 11 गेंदों में 23 रन बनाए, जिसके दम पर पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 164 रन लगाने में सफल रही।
इंग्लैंड की तरफ से गेंदबाजी में लियाम डॉसन ने 4 ओवर में महज 24 रन खर्च करते हुए 3 विकेट चटकाए। वहीं, जेमी ओवरटन और जोफ्रा आर्चर ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।
Source: IANS