टी20 वर्ल्ड कप: शेफर्ड-होल्डर की दमदार पारियां, वेस्टइंडीज ने 8 विकेट खोकर बनाए 176 रन

अहमदाबाद, 26 फरवरी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में गुरुवार को साउथ अफ्रीका की भिड़ंत वेस्टइंडीज के साथ हो रही है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 176 रन लगाए।  

सुपर-8 राउंड के मुकाबले में साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले वेस्टइंडीज को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। कैरेबियाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान शाई होप 6 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शानदार फॉर्म में चल रहे शिमरोन हेटमायर भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 2 रन बनाकर कगिसो रबाडा का शिकार बने। 

ब्रैंडन किंग अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील करने में नाकाम रहे और वह 11 गेंदों में 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रोवमैन पॉवेल का भी बल्ला खामोश रहा और वह 9 रन बनाकर आउट हुए। रोस्टन चेज महज 2 रन बना सके, जबकि शेरफेन रदरफोर्ड 12 रन बनाकर कॉर्बिन बॉश की गेंद पर क्विंटन डी कॉक को कैच दे बैठे। 

83 रनों के स्कोर पर 7 विकेट गिरने के बाद जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड ने मोर्चा संभाला और आठवें विकेट के लिए 89 रनों की अहम साझेदारी निभाई। होल्डर 31 गेंदों में 49 रन बनाकर रनआउट हुए। वहीं, शेफर्ड ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 52 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में शेफर्ड ने 3 चौके और 4 छक्के लगाए। 

गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका की तरफ से लुंगी एनगिडी ने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं, कगिसो रबाडा ने 4 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट निकाले, जबकि कॉर्बिन बॉश ने 31 रन देकर 2 विकेट चटकाए। 

इस मुकाबले में एडेन मार्करम की कप्तानी में साउथ अफ्रीकी टीम क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज और लुंगी एनगिडी के साथ मैदान पर उतरी है। 

दूसरी ओर, वेस्टइंडीज की टीम शाई होप की कप्तानी में ब्रैंडन किंग, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोती और शमर जोसेफ के साथ इस मैच में खेल रही है। 

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement