टी20 वर्ल्ड कप: विल जैक्स ने की शेन वॉटसन के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी, इंग्लैंड के सबसे बड़े मैच विनर बने

नई दिल्ली, 28 फरवरी। इंग्लैंड टीम ने टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत नेपाल के खिलाफ जीत के साथ की थी। यह जीत मुश्किल से मिली थी। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा था। इन दो मैचों के बाद इंग्लैंड के लिए सुपर-8 में पहुंचना मुश्किल लग रहा था, लेकिन इंग्लैंड न सिर्फ सुपर-8 में पहुंची, बल्कि सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम है। सेमीफाइनल तक के सफर में इंग्लैंड के लिए विल जैक्स ने असाधारण भूमिका अदा की है। 

विल जैक्स एक ऑलराउंडर हैं। वे विस्फोटक बल्लेबाजी और उपयोगी गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। जैक्स टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं, लेकिन इंग्लैंड की मौजूदा बल्लेबाजी क्रम में उन्हें निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए आना पड़ता है। जैक्स ने सीमित और मुश्किल अवसरों में बतौर बल्लेबाज और गेंदबाज इंग्लैंड के लिए मैच विजयी प्रदर्शन किया है और टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया है। निचले क्रम में आकर जैक्स ने जहां तूफानी पारियां खेली हैं, वहीं अपनी स्पिन गेंदबाजी से जरूरी समय पर इंग्लैंड को विकेट दिलाए हैं। 

जैक्स ने 7 मैचों की 7 पारियों में 63.66 की औसत और 176.85 की स्ट्राइक रेट से 191 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 53 रहा है। विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में वह 12वें स्थान पर हैं। उनसे ज्यादा रन सिर्फ कप्तान हैरी ब्रूक ने बनाए हैं। ब्रूक ने 7 मैचों में 1 शतक की बदौलत 228 रन बनाए हैं। इसके अलावा जैक्स ने 7 विकेट भी लिए हैं। 

बेहतरीन बल्लेबाजी और शानदार गेंदबाजी के दम पर विल जैक्स पिछले 7 मैचों में 4 बार प्लेयर ऑफ द मैच रहे हैं। किसी एक टी20 विश्व कप में सर्वाधिक बार प्लेयर ऑफ द मैच जीतने के शेन वॉटसन के रिकॉर्ड की उन्होंने बराबरी की है। वॉटसन ने 2012 टी20 विश्व कप में 4 बार प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता था। टी20 विश्व कप 2022 में तीन प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीतकर जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा तीसरे स्थान पर हैं। 

विल जैक्स के पास इस विश्व कप में कम से कम एक मैच (सेमीफाइनल) है। वह सेमीफाइनल में अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से न सिर्फ टीम को फाइनल का टिकट दिला सकते हैं, बल्कि एक विश्व कप में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीतने के मामले में शेन वॉटसन को पीछे छोड़ सकते हैं। 

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement