आईपीएल 2026: रोहित-रिकल्टन का अर्धशतक, एमआई ने केकेआर को 6 विकेट से हराया, थमा 2013 से चला आ रहा पहले मैच में हार का सिलसिला

मुंबई, 29 मार्च। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस (एमआई) ने अपने सफर का आगाज जीत के साथ किया है। रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन की धमाकेदार पारियों की बदौलत एमआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 6 विकेट से हरा दिया। 2012 के बाद से एमआई ने पहली बार किसी सीजन का पहला मुकाबला जीता है।

जीत के लिए 221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआई को रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन ने धमाकेदार शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 11.5 ओवर में 148 रन की साझेदारी की। रोहित पहले विकेट के रूप में 78 रन बनाकर आउट हुए। 38 गेंदों की अपनी पारी में रोहित ने 6 चौके और 6 छक्के लगाए। रोहित ने 23 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। आईपीएल में उनका यह सबसे तेज अर्धशतक है। रोहित का आईपीएल का यह 50वां अर्धशतक भी था। 

रिकल्टन ने भी 43 गेंदों पर 8 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 81 रन की पारी खेली। सूर्यकुमार यादव 8 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा ने 14 गेंदों में 20 रन की पारी खेली। हार्दिक 11 गेंदों पर 18 और नमन घीर 2 गेंदों पर 5 रन बनाकर नाबाद रहे। एमआई ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर जीत दर्ज की। एमआई ने 4 विकेट पर 224 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीता। 

केकेआर के लिए वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और सुनील नरेन ने 1-1 विकेट लिए। 

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने 4 विकेट पर 220 रन बनाए थे। केकेआर के लिए सबसे ज्यादा 67 रन कप्तान अंजिक्य रहाणे ने बनाए। रहाणे ने 40 गेंदों की अपनी पारी में 5 छक्के और 3 चौके लगाए। इसके अलावा, युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने भी अर्धशतक लगाया। रघुवंशी ने 29 गेंदों पर 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 51 रन की पारी खेली। इसके अलावा, फिन एलेन ने 17 गेंदों पर 37 और रिंकू सिंह ने 21 गेंदों पर नाबाद 33 रन की पारी खेली। कैमरुन ग्रीन ने 10 गेंदों पर 18 रन बनाए।

मुंबई इंडियंस की तरफ से शार्दुल ठाकुर ने 4 ओवर में 39 रन देकर 3 और कप्तान हार्दिक पांड्या ने 3 ओवर में 39 रन देकर 1 विकेट लिए थे। 

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement