आईपीएल 2026: शतक चूके कप्तान रियान पराग, आरआर ने डीसी को दिया 226 रन का टारगेट

जयपुर, 1 मई । कप्तान रियान पराग की शानदार पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 43वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को जीत के लिए 226 रन का टारगेट दिया है। आरआर की कोशिश इस मैच को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरा पायदान हासिल करने की होगी।

मुकाबले में टॉस जीतकर राजस्थान रॉयल्स के 24 वर्षीय कप्तान रियान पराग ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। शुरुआत में कप्तान का यह निर्णय गलत साबित होता नजर आया। मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले यशस्वी जायसवाल (6) तीसरी गेंद पर अपना कैच गेंदबाज मिचेल स्टार्क को थमा बैठे।

अगले ओवर की पांचवीं गेंद पर टीम ने वैभव सूर्यवंशी का विकेट भी खो दिया, जो महज एक चौका लगाकर पवेलियन लौट गए। टीम ने 1.5 ओवरों तक 12 के स्कोर पर अपने 2 विकेट खो दिए थे। यहां से कप्तान रियान पराग ने ध्रुव जुरेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 102 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 114 के स्कोर तक पहुंचा दिया। जुरेल 30 गेंदों में 1 छक्का और 4 चौकों के साथ 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

यहां से रियान पराग ने रवींद्र जडेजा के साथ चौथे विकेट के लिए 28 गेंदों में 53 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। जडेजा 14 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान पराग ने 50 गेंदों में 5 छक्कों और 8 चौकों के साथ 90 रन की पारी खेली।

डोनोवन फरेरा ने शुभम दुबे के साथ छठे विकेट के लिए 15 गेंदों में 40 रन जुटाकर आरआर को 200 के पार पहुंचाया। फरेरा 14 गेंदों में 6 छक्कों और 2 चौकों के साथ 47 रन बनाकर नाबाद रहे। आरआर ने निर्धारित ओवरों में 225/6 का स्कोर खड़ा किया। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से मिचेल स्टार्क ने 40 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि काइल जैमीसन, अक्षर पटेल और टी नटराजन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, काइल जैमीसन, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव और टी नटराजन।

राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, शुभम दुबे, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, नंद्रे बर्गर और ब्रजेश शर्मा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement