आईपीएल 2026: आरआर पर भारी पड़े निसांका-राहुल, डीसी ने 7 विकेट से जीता मैच

जयपुर, 1 मई । दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने शुक्रवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 43वें मैच में राजस्थान रॉयल्स (आआर) को 7 विकेट से मात दी। 9 में से 4 मुकाबले जीतकर डीसी एक प्वाइंट्स की छलांग लगाते हुए छठे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि आरआर 10 में से 4 मैच गंवाकर चौथे स्थान पर बनी हुई है।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने 6 विकेट खोकर 225 रन बनाए। इस टीम की शुरुआत खराब रही। आरआर ने 1.5 ओवरों में 12 के स्कोर तक यशस्वी जायसवाल (6) और वैभव सूर्यवंशी (4) के विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कप्तान रियान पराग ने ध्रुव जुरेल के साथ मोर्चा संभाला।

दोनों खिलाड़ियों ने दूसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 102 रन की साझेदारी की। जुरेल 30 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कप्तान पराग ने रवींद्र जडेजा के साथ चौथे विकेट के लिए 28 गेंदों में 53 रन जुटाए।

जडेजा ने 14 गेंदों में 2 बाउंड्री के साथ 20 रन का योगदान टीम के खाते में दिया, जबकि रियान पराग महज 10 रन से अपना शतक चूक गए। उन्होंने 50 गेंदों में 5 छक्कों और 8 चौकों के साथ 90 रन की पारी खेली।

डोनोवन फरेरा ने शिवम दुबे (नाबाद 6) के साथ छठे विकेट के लिए 15 गेंदों में 40 रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। फरेरा 14 गेंदों में 6 छक्कों और 2 चौकों के साथ 47 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी खेमे से मिचेल स्टार्क ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले, जबकि काइल जेमीसन, अक्षर पटेल और टी नटराजन ने 1-1 विकेट हासिल किया।

इसके जवाब में पथुम निसांका और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने डीसी को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 9.3 ओवरों में 110 रन की साझेदारी की। निसांका 33 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 62 रन बनाकर आउट हुए।

यहां से केएल राहुल ने नितीश राणा के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 गेंदों में 61 रन की साझेदारी की। नितीश 17 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 33 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कुछ देर बाद टीम ने केएल राहुल का विकेट भी खो दिया, जो 40 गेंदों में 5 छक्कों और 6 चौकों के साथ 75 रन बनाकर आउट हुए।

इस टीम ने 15.2 ओवरों में 177 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए थे। यहां से आशुतोष शर्मा ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ 23 गेंदों में 49 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई। स्टब्स 18 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि आशुतोष ने 25 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement