आरसीबी की जीत पर बॉलीवुड से लेकर साउथ स्टार्स हुए क्रेजी, सोशल मीडिया पर लगा बधाईयों का तांता
आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के बाद हर तरफ खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है।

मुंबई, 1 जून । आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के बाद हर तरफ खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है। मनोरंजन जगत के कई सितारों ने भी सोशल मीडिया के जरिए टीम को बधाई दी।
अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने अपने पति और क्रिकेटर विराट कोहली की तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरीज पर साझा की। तस्वीर में विराट उल्टे खड़े नजर आ रहे हैं और उनकी टी-शर्ट पर लिखा है, "एक बार मजा आया, इसलिए हमने फिर से वही किया।"
इसके अलावा, जीत का जश्न मनाते हुए अनुष्का शर्मा और विराट कोहली डांस करते दिखाई दिए। दोनों को इस तरह खुशी मनाते देख टीम के अन्य सदस्य भी डांस में शामिल हो गए।
साउथ सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री श्रीनिधी शेट्टी ने इंस्टाग्राम के जरिए आरसीबी को बधाई दी। उन्होंने स्टोरीज सेक्शन में स्टेडियम की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "इ साला नामडु। अब 2026 आईपीएल खत्म।"
अभिनेत्री जेनेलिया डिसूजा ने भी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर टीम का पोस्टर साझा करते हुए 'चैंपियन' लिखा।
अभिनेत्री जूही चावला ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर टीम का पोस्टर साझा करते हुए आरसीबी को बधाई दी। साथ ही, अनुष्का शर्मा, विराट कोहली समेत टीम के कुछ सदस्यों को टैग भी किया।
टेलीविजन अभिनेता नकुल मेहता ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर विराट कोहली का एक वीडियो साझा किया, जिसमें वे बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने लिखा, "किंग।"
साउथ सिनेमा के जाने-माने अभिनेता रमेश अरविंद ने टीम की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "आरसीबी ने लगातार कोशिश और मेहनत इतनी की कि सफलता अब उनकी आदत बन गई। मेरी तरफ से पूरी टीम को बधाई।"
अभिनेत्री शहनाज गिल ने भी आरसीबी द्वारा ट्रॉफी हासिल करने का वीडियो साझा करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, "ई साला कप नामडु।"
मशहूर निर्देशक करण जौहर ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर आरसीबी की टीम पर एक नोट लिखा, "रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम को लगातार दूसरी जीत के लिए हार्दिक बधाई। साथ ही बिड़ला परिवार को उनकी शानदार और यादगार जीत के लिए ढेरों शुभकामनाएं।"
Source: IANS
