अभिषेक शर्मा का कमाल, इंग्लैंड में लगाया भारत की तरफ से सबसे तेज टी20 अर्धशतक

चेस्टर-ले-स्ट्रीट, 2 जुलाई । भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा। हालांकि, इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की। वह इंग्लैंड की सरजमीं पर भारत की तरफ से सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

अभिषेक ने पहले टी20 मुकाबले में सिर्फ 24 गेंदों का सामना करते हुए 59 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान अभिषेक ने 245 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 6 चौके और 4 छक्के लगाए। अभिषेक ने अपना अर्धशतक सिर्फ 20 गेंदों में पूरा किया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ा। राहुल ने साल 2018 में खेले गए टी20 मुकाबले में 27 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। अभिषेक ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने शानदार रिकॉर्ड को इस मुकाबले में भी कायम रखा। वह इंग्लिश टीम के खिलाफ टी20 में खेली 7 पारियों में 219 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 347 रन बना चुके हैं।

अभिषेक के अलावा, कप्तान श्रेयस अय्यर भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए। अय्यर ने 47 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके और एक छक्के की मदद से 68 रन बनाए। हालांकि, आयरलैंड के बाद संजू सैमसन का खराब प्रदर्शन इस मुकाबले में भी जारी रखा और वह 7 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्प एक रन बनाकर आउट हुए। ईशान किशन भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह बिना खाता खोले रनआउट होकर पवेलियन लौटे। तिलक वर्मा 13 रन बनाकर आउट हुए।

वहीं, शिवम दुबे 21 गेंदों में 42 रन बनाकर नाबाद रहे। दुबे ने 200 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 2 चौके और 3 छक्के लगाए। शिवम की आतिशी पारी के बूते भारतीय टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 189 रन स्कोरबोर्ड पर लगाने में सफल रही। हालांकि, भारतीय पारी के बाद शुरू हुई झमाझम बारिश रुक नहीं सकी, जिसके कारण मैच को रद्द करने का फैसला लेना पड़ा। सीरीज का दूसरा मुकाबला अब 4 जुलाई को मैनचेस्टर में खेला जाएगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement