जोस बटलर के नाम जुड़ी ऐतिहासिक उपलब्धि, यह मुकाम हासिल करने वाले बने महज दूसरे विकेटकीपर

चेस्टर-ले-स्ट्रीट, 2 जुलाई । भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में बारिश विलेन साबित हुई। झमाझम बारिश के कारण मैच में दूसरी पारी नहीं हो सकी और मुकाबले को रद्द करने का फैसला लेना पड़ा। हालांकि, पहली पारी के दौरान इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने ऐतिहासिक उपलब्धि को अपने नाम किया।

बटलर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर विकेकीपर 100 शिकार करने वाले दुनिया के महज दूसरे और इंग्लैंड के पहले विकेटकीपर बन गए हैं। बटलर ने यह मुकाम आदिल रशीद की गेंद पर भारतीय बल्लेबाज हर्षित राणा को स्टंप करने के साथ हासिल किया। इंग्लिश विकेटकीपर से पहले यह उपलब्धि सिर्फ साउथ अफ्रीका के विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक हासिल कर चुके हैं, जिन्होंने इस फॉर्मेट में 117 शिकार किए हैं। हालांकि, बटलर ने कीपिंग से तो योगदान दिया, लेकिन उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिल सका। झमाझम बारिश के कारण मुकाबले में दूसरी पारी नहीं खेली जा सकी।

इससे पहले, भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। संजू सैमसन फिर फ्लॉप रहे और महज एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं, ईशान किशन खाता तक नहीं खोल सके और रनआउट हुए। हालांकि, इसके बाद अय्यर और अभिषेक शर्मा ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 38 गेंदों में 82 रनों की अहम साझेदारी निभाई।

अभिषेक ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंदों में 59 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान अभिषेक ने 6 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, अय्यर ने 47 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके और एक छक्के की मदद से 68 रन बनाए। तिलक वर्मा ने 13 रनों का योगदान दिया। अंत के ओवरों में शिवम दुबे ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 21 गेंदों में 42 रनों की नाबाद पारी खेली। दुबे ने अपनी इस पारी के दौरान 2 चौके और 3 छक्के लगाए। इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में साकिब महमूद ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए, जबकि आदिल रशीद और सैम करन ने एक-एक विकेट चटकाया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement