विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: इंग्लैंड को 7 विकेट से रौंदकर ऑस्ट्रेलिया ने रिकॉर्ड सातवीं बार जीता खिताब

लंदन, 5 जुलाई । विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 7 विकेट से शानदार जीत हासिल करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने रिकॉर्ड सातवीं बार खिताब अपने नाम कर लिया है। रविवार को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए इस मैच में बेथ मूनी और फोएबे लिचफील्ड के बीच शतकीय साझेदारी का जीत में अहम योगदान रहा।

इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने साल 2010, 2012, 2014, 2018, 2020 और 2023 में ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया था, जबकि इंग्लैंड की टीम साल 2009 में इकलौती बार चैंपियन बनी थी।

लंदन में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने 4 विकेट गंवाकर 150 रन बनाए। इस टीम ने महज 7 के स्कोर पर एम जोन्स (6) का विकेट गंवा दिया था। यहां से कप्तान नेट साइवर-ब्रंट ने डैनी वायट-हॉज (8) के साथ दूसरे विकेट के लिए 25 रन जुटाए, जबकि एलिस कैप्सी (23) के साथ तीसरे विकेट के लिए 25 रन की साझेदारी की।

ऑस्ट्रेलिया ने 10.5 ओवरों के खेल तक 4 विकेट गंवाकर 70 रन बना लिए थे। यहां से कप्तान ब्रंट ने फ्रेया कैंप के साथ पांचवें विकेट के लिए 55 गेंदों में 80 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया। ब्रंट 53 गेंदों में 5 चौकों के साथ 58 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि कैंप ने 28 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ नाबाद 44 रन बनाए। विपक्षी खेमे से किम गार्थ, लूसी हैमिल्टन, सोफी मोलिनेक्स और एनाबेल सदरलैंड ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 17.1 ओवरों में ऐतिहासिक मुकाबला जीत लिया। जॉर्जिया वोल और बेथ मूनी पहले विकेट के लिए सिर्फ 17 रन जुटा सकीं। जॉर्जिया 9 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद मूनी ने फोएबे लिचफील्ड के साथ दूसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 100 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत के बेहद करीब ला दिया।

लिचफील्ड अपने अर्धशतक से सिर्फ 2 रन दूर रह गईं। उन्होंने 35 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 48 रन की पारी खेली। इसके बाद बेथ मूनी ने एलिस पेरी के साथ तीसरे विकेट के लिए 23 रन जुटाए। मूनी 49 गेंदों में 10 चौकों के साथ 64 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जबकि पेरी ने 13 रन की नाबाद पारी खेली। मेजबान टीम की तरफ से शार्लेट डीन, लॉरेन बेल और सोफी एक्लेस्टोन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter