आयरलैंड, इंग्लैंड दौरे के साथ एशियन गेम्स में कैसी हो सकती है भारत की सलामी जोड़ी?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के अलावा, एशियन गेम्स 2026 के लिए टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। सलामी जोड़ी में किसे मौका दिया जाएगा, यह एक बड़ा सवाल है।

नई दिल्ली, 8 जून । भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के अलावा, एशियन गेम्स 2026 के लिए टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। सलामी जोड़ी में किसे मौका दिया जाएगा, यह एक बड़ा सवाल है।
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी भारतीय टीम में शामिल हैं, जो बतौर सलामी बल्लेबाज पहले ही अपना जलवा बिखेर चुके हैं। एक ओर आयरलैंड में युवा संयोजन की परीक्षा हो सकती है, तो दूसरी तरफ इंग्लैंड में अनुभवी संयोजन देखने को मिलेगा। एशियन गेम्स में भविष्य की टीम बनाने पर जोर दिया जाएगा। ऐसे में समझने की कोशिश करते हैं कि इन टूर्नामेंट्स में भारत की सलामी जोड़ी किस तरह नजर आ सकती है?
भारतीय टीम मैनेजमेंट आयरलैंड के खिलाफ दो मुकाबलों की टी20 सीरीज के लिए युवा खिलाड़ियों को परख सकता है। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जो पावरप्ले में आक्रामक शुरुआत दिला सकते हैं। बल्लेबाजी के साथ ईशान विकेटकीपिंग का जिम्मा भी संभालते हैं। हालांकि, अपेक्षाकृत कमजोर विपक्ष के खिलाफ 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को भी मौका दिया जा सकता है, जो आईपीएल 2026 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे।
वैभव सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शुरुआती अवसर देने के लिए यह आदर्श सीरीज हो सकती है। अभिषेक के अनुभव और वैभव की आक्रामकता भारत को विस्फोटक शुरुआत दिला सकती है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बतौर सलामी बल्लेबाज यादगार पारियां खेलने वाले संजू सैमसन भी बतौर सलामी बल्लेबाज अपनी मजबूत दावेदारी पेश करते हैं। हालांकि, 31 वर्षीय दाएं हाथ के खिलाड़ी को मध्यक्रम में भी परखा जा सकता है। या तो फिर उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ सकता है।
इसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर पांच टी20 मुकाबले खेलेगी, जिसमें सर्वश्रेष्ठ और अनुभवी संयोजन को उतारा जाएगा। ऐसे में अभिषेक शर्मा और ईशान किशन बतौर सलामी जोड़ी भारतीय टीम की प्राथमिकता होंगे। ईशान पावरप्ले में तेजी से रन बनाने की काबिलियत रखते हैं। वैभव सूर्यवंशी अगर आयरलैंड दौरे पर मौका मिलने के बाद दमदार प्रदर्शन करते हैं, तो उन्हें इंग्लैंड दौरे पर प्रयोग के तौर पर मौका दिया जा सकता है। अगर टीम इंडिया शुरुआती मुकाबलों को जीतकर सीरीज पर पहले ही कब्जा जमा लेती है, तो इस स्थिति में वैभव को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। संजू सैमसन के साथ अभिषेक शर्मा के संयोजन को भी परखा जा सकता है।
एशियन गेम्स में भविष्य की टीम निर्माण पर फोकस होगा। चयनकर्ता वैभव को लंबी अवधि के ओपनिंग विकल्प के रूप में विकसित करना चाहेंगे, जिन्हें अभिषेक शर्मा के साथ बतौर सलामी बल्लेबाज मौका दिया जा सकता है। मैनेजमेंट वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ी को धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार करना चाहेगा। ईशान/संजू का इस्तेमाल मध्यक्रम में किया जा सकता है।
Source: IANS

