आईसीसी महिला वनडे रैंकिंग : चार्ली डीन और अमेलिया केर की लंबी छलांग, मैडी ग्रीन को भी पहुंचा फायदा

दुबई, 12 मई । इंग्लैंड की चार्ली डीन और न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर को वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन का इनाम आईसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग में मिला है।

चोटिल नेट साइवर-ब्रंट की जगह पर इंग्लैंड टीम की कप्तानी संभाल रहीं चार्ली डीन ने पहले वनडे में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने बल्लेबाजी में 46 गेंदों में 31 रनों की दमदार पारी खेली और वह टीम को जीत दिलाकर लौटीं। वहीं, गेंदबाजी में उन्होंने 7 ओवर के स्पेल में महज 21 रन खर्च करते हुए 2 विकेट चटकाए। गेंदबाजों की रैंकिंग में डीन अब छह पायदान की छलांग लगाकर 10वें नंबर पर आ गई हैं। वहीं, ऑलराउंडर्स की लिस्ट में भी उनको एक पायदान का फायदा पहुंचा है और वह अब 11वें स्थान पर आ गई हैं।

अमेलिया केर और उनकी टीम की साथी खिलाड़ी मैडी ग्रीन ने वनडे में बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। पहले वनडे में 88 रनों की पारी खेलने वालीं ग्रीन दो पायदान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गई हैं। वहीं, अर्धशतकीय पारी के बूते केर ने चार पायदान की छलांग लगाई है और वह अब 11वें नंबर पर आ गई हैं।

इंग्लैंड की माइया बाउशियर 11 पायदान ऊपर चढ़कर 51वें स्थान पर पहुंच गई हैं। न्यूजीलैंड की तेज गेंदबाज रोजमेरी मायर को पहले वनडे में 3 विकेट लेने का फायदा पहुंचा है और वह अब 12 पायदान ऊपर चढ़कर 34वें नंबर पर पहुंच गई हैं। पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे के बीच खेली गई सीरीज में दमदार प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को भी फायदा पहुंचा है।

पाकिस्तान की तिकड़ी सदफ शमास (24 पायदान ऊपर 48वें स्थान पर), आलिया रियाज (चार पायदान ऊपर 54वें स्थान पर) और गुल फिरोजा (टॉप 100 से बाहर से 75वें स्थान पर) को वनडे रैंकिंग में सबसे ज्यादा फायदा पहुंचा है। वहीं, कप्तान फातिमा सना गेंदबाजों की रैंकिंग में तीन पायदान ऊपर 23वें स्थान पर आ गई हैं, तो स्पिनर रमीन शमीम 12 पायदान की छलांग के साथ 41वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

सीरीज हारने के बावजूद जिम्बाब्वे की खिलाड़ियों को भी कुछ फायदा हुआ है, जिसमें केलिस नधलोवु (आठ पायदान ऊपर 57वें स्थान पर) और बिलव्ड बिजा (11 पायदान ऊपर 63वें स्थान पर) पाकिस्तान में कुछ अच्छी कोशिशों के बाद बल्लेबाजों की वनडे रैंकिंग में ऊपर चढ़ी हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement