आरसीबी बनाम केकेआर: बारिश ने किया फैंस का मूड खराब, तय समय पर नहीं

रायपुर, 13 मई । रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 57वां मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में लगातार बारिश और गीले आउटफील्ड के कारण 7.30 बजे तक शुरू नहीं हो सका है।

शाम 4:30 बजे, बारिश के कारण लगभग 30 मिनट तक पूरा मैदान ढका रहा। शाम 6:15 बजे के आसपास हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। कुछ देर के लिए पिच का हिस्सा खुला था, लेकिन अब पूरा मैदान फिर से ढक दिया गया है, और कवर्स के ऊपर सुपर सोपर मशीनें चल रही हैं।

शाम 6:35 बजे फिर से बारिश तेज हो गई, इसके साथ में बिजली भी कड़कने लगी। हालांकि, बारिश टॉस के तय समय (7 बजे) से 5 मिनट पहले बारिश रुक गई थी, जिसके बाद ऑन-फील्ड अंपायर रोहन पंडित और नितिन मेनन ने चौथे अंपायर कौशिक गांधी के साथ मिलकर मैदान का मुआयना किया। ग्राउंड स्टाफ सावधानी से उन कवर्स को हटा रहे थे, जिन पर पानी जमा हो गया था। अब पिच का मुआयना स्थानीय समय के अनुसार रात 8 बजकर 15 मिनट पर होगा।

रायपुर की पिच बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं रही है। उम्मीद है कि गेंदबाज यहां की परिस्थितियों का फायदा उठाएंगे। आरसीबी इसी मैदान पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ आखिरी गेंद पर मिली रोमांचक जीत से उत्साहित होकर इस मुकाबले में उतरी है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 11 में से 7 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर मौजूद है। अगर ये टीम इस मैच को अपने नाम करती है, तो शीर्ष पर पहुंच जाएगी। वहीं, केकेआर अपने पिछले चार मुकाबलों में अजेय रही है। इस टीम को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए जीत की जरूरत है।

अगर रायपुर का यह मैच बारिश की वजह से रद्द हो जाता है, तो दोनों टीमों को एक-एक प्वाइंट मिलेगा। इसका मतलब यह होगा कि आरसीबी 12 मैचों से 15 प्वाइंट्स पर पहुंच जाएगी और प्वाइंट्स टेबल में दूसरा स्थान बरकरार रखेगी। केकेआर के लिए यह झटका होगा, क्योंकि 11 मैचों के बाद उनके प्वाइंट्स की संख्या 10 ही रह जाएगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter