पहला वनडे: खराब शुरुआत के बाद रूट-डॉसन ने इंग्लैंड को संभाला, भारत को जीत के लिए 259 रन का लक्ष्य

बर्मिंघम, 14 जुलाई । खराब शुरुआत के बावजूद इंग्लैंड ने एजबेस्टन में जारी वनडे सीरीज के पहले मैच में भारत के सामने जीत के लिए 259 रन का टारगेट रखा है। मेजबान टीम को यहां तक पहुंचाने में लियाम डॉसन और जो रूट का अहम योगदान रहा, जिनके बीच 121 रन की साझेदारी हुई।

मंगलवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट और जैकब बेथेल ने 12.2 ओवरों में 61 रन की साझेदारी की। बेथेल 31 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया।

इसी ओवर की चौथी गेंद पर गुरनूर बरार ने डकेट को भी अपना शिकार बनाया, जो 45 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 43 रन बनाकर पवेलियन लौटे। टीम ने 64 के स्कोर पर कप्तान हैरी ब्रूक (1) का विकेट भी खो दिया।

इंग्लैंड को 17वें ओवर की पहली और चौथी गेंद पर जोस बटलर (5) और सैम करन (0) के रूप में दो झटके लगे। यह टीम 107 के स्कोर पर विल जैक्स (20) का विकेट भी गंवा चुकी थी। यहां से जो रूट ने लियाम डॉसन के साथ मोर्चा संभाला। दोनों खिलाड़ियों ने सातवें विकेट के लिए 134 गेंदों में 121 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया। डॉसन 83 गेंदों में 7 बाउंड्री के साथ 68 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रूट ने 7 बाउंड्री के साथ 76 रन बनाए।

भारत की तरफ से अक्षर पटेल ने 62 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार ने 2-2 विकेट निकाले। जसप्रीत बुमराह और शिवम दुबे को 1-1 सफलता हाथ लगी।

शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, केएल राहुल (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, गुरनूर बरार, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ यह मैच खेल रही है।

वहीं, इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन में जैकब बेथेल, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग और आदिल राशिद शामिल हैं।

पांच मैचों की वनडे सीरीज 0-4 से गंवाने के बाद भारतीय टीम तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज अपने नाम करना चाहेगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement