महिला टी20 विश्व कप 2026: नीदरलैंड के खिलाफ मैच के लिए भारतीय टीम लीड्स पहुंची
भारतीय टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 में अपने सफर का दमदार आगाज किया था। टीम इंडिया ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ जीत हासिल कर विश्व कप अभियान की शुरुआत विजयी अंदाज में की थी।

नई दिल्ली, 16 जून । भारतीय टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 में अपने सफर का दमदार आगाज किया था। टीम इंडिया ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ जीत हासिल कर विश्व कप अभियान की शुरुआत विजयी अंदाज में की थी। भारत का ग्रुप स्टेज का दूसरा मैच नीदरलैंड के साथ होना है और इसके लिए टीम लीड्स पहुंच गई है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक्स पर महिला टीम की बर्मिंघम से हेडिंग्ले की यात्रा को साझा किया है। वीडियो में जेमिमा रोड्रिग्स, श्रेयंका पाटिल, स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा समेत टीम की दूसरी सदस्यों ने अपनी साथियों के बारे में अपने विचार शेयर किए हैं।
अरुंधति रेड्डी के बारे में स्मृति मंधाना ने कहा, "वह मुझे तैयारी और ग्राउंड पर सही चीजें करने के लिए प्रेरित करती हैं।"
वहीं अरुंधति ने मंधाना के बारे में कहा, "उनके बारे में एक अच्छी बात यह है कि जब मैं विदेश आती हूं तो मैं जिस भी जगह खाना खाती हूं, वह वही चुनती हैं और अक्सर वहां का खाना बहुत अच्छा होता है। इसलिए अगर कोई जानना चाहता है कि कहां जाना है और क्या देखना है, तो उनसे संपर्क करें।"
जेमिमा से पूछा गया कि उन्हें श्रेयंका के बारे में क्या पसंद है। जवाब में जेमिमा ने कहा, "श्रेयांका के बारे में मुझे जो बात सबसे ज्यादा पसंद है, वह यह है कि वह सच में बहुत ख्याल रखने वाली हैं। वह अपने आस-पास के लोगों का ख्याल रखती हैं।"
श्रेयांका ने जेमिमा के लिए कहा, "मैं उसे जेमी कहती हूं। बहुत सी अच्छी बातें हैं, लेकिन एक बात जो मुझे उसके बारे में बहुत पसंद है, वह यह है कि वह ऐसे ही सरप्राइज देती है। मैं कहीं बैठी होती हूं, तो वह कुछ गिफ्ट या कुछ और लेकर आती है क्योंकि मुझे गिफ्ट पसंद हैं।"
वीडियो में, शेफाली ने बताया कि तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर को सॉफ्ट टॉयज पसंद हैं। दीप्ति शर्मा ने कहा कि विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋचा घोष को उस देश या शहर के बारे में पूरी जानकारी होती है, जहां भी वे ट्रैवल कर रही होती हैं।
भारत और नीदरलैंड के बीच मैच बुधवार को लीड्स, हेंडिग्ले में शाम 7 बजे से खेला जाएगा।
Source: IANS

