एशियन गेम्स 2026 से बाहर हुए वरुण चक्रवर्ती और नीतीश कुमार रेड्डी,

नई दिल्ली, 16 सितंबर । एशियन गेम्स 2026 से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्पिन गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती चोट के चलते इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। वरुण जापान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भी टीम का हिस्सा नहीं होंगे।

बीसीसीआई ने बताया है कि वरुण की जगह पर विपराज निगम को एशियन गेम्स की टीम में शामिल किया गया है। नीतीश कुमार रेड्डी ने भी एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है।

बुधवार को बीसीसीआई ने वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली वनडे और टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया। बोर्ड ने बताया कि नीतीश वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा होंगे।

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चुनी गई भारतीय टीम में नमन धीर को पहली बार मौका दिया गया है। इसके साथ ही ऋतुराज गायकवाड़ की भी एकदिवसीय टीम में वापसी हुई है। आकिब नबी को टी20 के बाद वनडे टीम में भी जगह दी गई है। यशस्वी जायसवाल भी वनडे में सिलेक्टर्स का भरोसा जीतने में सफल रहे हैं।

50 ओवर के फॉर्मेट में टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी, जबकि उपकप्तान की जिम्मेदारी केएल राहुल को सौंपी गई है। हार्दिक पांड्या किसी भी टीम का हिस्सा नहीं हैं। वहीं, जसप्रीत बुमराह को भी वेस्टइंडीज सीरीज के लिए टीम में नहीं रखा गया है।

वनडे में तेज गेंदबाजी की अगुवाई मोहम्मद सिराज करेंगे और उनका साथ प्रसिद्ध कृष्णा, आकिब नबी और गुरनूर बरार देंगे। स्पिन विभाग की जिम्मेदारी कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा के हाथों में होगी। पांच मैचों की टी20 सीरीज में टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे। टी20 टीम में मयंक यादव और प्रिंस यादव को अर्शदीप सिंह के साथ रखा गया है। वॉशिंगटन सुंदर को भी टीम में शामिल किया गया है। टी20 में तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है।

जापान और एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत का अपडेटेड स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर और विपराज निगम।

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जायसवाल, और नमन धीर।

वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और मयंक यादव।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter