आईपीएल 2026: एसआरएच के खिलाफ सीएसके ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी, नहीं खेलेंगे धोनी

चेन्नई, 18 मई । चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 63वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया है। फैंस को उम्मीद थी कि महेंद्र सिंह धोनी इस मुकाबले में उतरेंगे, लेकिन माही अभी फिट नहीं हैं। एमए चिदंबरम स्टेडियम में जारी इस मुकाबले को जीतकर सनराइजर्स हैदराबाद प्लेऑफ की दौड़ में मजबूती हासिल करना चाहेगी।

सोमवार को टॉस जीतने के बाद सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते हैं। पिच थोड़ी सूखी लग रही है और हम एक अच्छा टोटल बनाना चाहते हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में भी, बैटिंग के लिए विकेट बहुत अच्छा नहीं था। कुछ भी मुश्किल नहीं है, हम चीजों को आसान रखना चाहते हैं। महेंद्र सिंह धोनी अभी भी यहीं हैं, लेकिन वह इस मैच में खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं। हमारी टीम में एक बदलाव है।"

दूसरी तरफ, सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने कहा, "यह टी20 क्रिकेट है और इसमें हर मैच आसान नहीं होता। उन्हें पता है कि हर मैच में उनकी रणनीति काम नहीं करेगी। शायद हम पहले गेंदबाजी करना पसंद करते। हमारी टीम वही है, जो पिछले मैच में थी।"

चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन अब तक 12 में से 6 मैच जीत हैं, जबकि इतने ही मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। 12 अंकों के साथ सीएसके प्वाइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है।

दूसरी तरफ, सनराइजर्स हैदराबाद ने 12 में से 7 मुकाबले जीते हैं। यह टीम 14 प्वाइंट्स के सात तीसरे स्थान पर मौजूद है। इस मुकाबले में शानदार जीत एसआरएच को प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर पहुंचा सकती है।

चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, अकील होसेन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज और स्पेंसर जॉनसन।

सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन और प्रफुल हिंगे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement