साउथ अफ्रीका के खिलाफ होगी मंधाना और शेफाली की अग्निपरीक्षा: शिखा पांडे

नई दिल्ली, 20 जून । भारत की पूर्व तेज गेंदबाज शिखा पांडे का मानना है कि आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले मुकाबले में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की जोड़ी की अग्निपरीक्षा होगी।

टूर्नामेंट में लगातार दो धमाकेदार जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम की साउथ अफ्रीका से भिड़ंत रविवार को होगी। शिखा ने साउथ अफ्रीका के जबरदस्त पेस अटैक से मिलने वाली चुनौती पर जोर दिया, और इसे टूर्नामेंट की सबसे मजबूत गेंदबाजी यूनिट बताया। उन्होंने जियोस्टार से कहा, "भारत की ओपनिंग जोड़ी स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने भारत को कई बार मजबूत शुरुआत दी है। हालांकि, वे अब तक की अपनी सबसे कड़ी परीक्षा का सामना करेंगी। इस महिला टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका का गेंदबाजी अटैक सबसे अच्छा है। उनकी नई गेंद वाली जोड़ी टूर्नामेंट की सबसे खतरनाक जोड़ी में से एक है।”

पांडे ने अनुभवी तेज गेंदबाज शबनम इस्माइल और ऑलराउंडर मारिजाने कैप को मुख्य खतरा बताया। उन्होंने कहा, "शबनम इस्माइल ने जबरदस्त वापसी की है और वह अच्छी रफ्तार से गेंदबाजी कर रही हैं। मारिजाने कैप पाकिस्तान के खिलाफ पहले ही तीन विकेट ले चुकी है और बहुत कंट्रोल के साथ गेंदबाजी कर रही हैं। दोनों ही स्विंग, सीम और बाउंस से भारतीय ओपनर्स की परीक्षा लेंगी।”

शिखा पांडे ने अयाबोंगा खाका की दाएं हाथ की बल्लेबाजों से गेंद को दूर ले जाने की काबिलियत की ओर भी इशारा किया, जिससे साउथ अफ्रीका के अटैक में एक और पहलू जुड़ गया है। भारत की पूर्व पेसर का मानना ​​है कि मंधाना को मूव करती गेंद से सावधान रहने की जरूरत होगी।

इस्माइल और वर्मा के बीच एक रोमांचक मुकाबले की भविष्यवाणी करते हुए पांडे ने कहा, “स्मृति मंधाना पहले भी अपने शरीर से दूर ड्राइव करने की कोशिश में आउट हो चुकी हैं, अक्सर स्लिप में या स्टंप के पीछे कैच आउट हो जाती हैं। उन्हें मूव करती गेंद के खिलाफ सावधान रहने की जरूरत होगी।” “शबनम इस्माइल बनाम शेफाली वर्मा एक जबरदस्त मुकाबला होगा। शेफाली को चैलेंज पसंद है, और इस्माइल बाउंसर का इस्तेमाल करने से नहीं डरतीं।”

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter