विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: भारत ने साउथ अफ्रीका को 159 रन का टारगेट दिया

मैनचेस्टर, 21 जून । विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 18वें मैच में भारत ने साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 159 रन का लक्ष्य रखा है। 'ग्रुप-ए' के इस मुकाबले में भारतीय टीम जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से उतरी है।

एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में रविवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 158 रन बनाए। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 18 गेंदों में 30 रन की साझेदारी की।

मंधाना 12 गेंदों में 3 चौकों के साथ 17 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद शेफाली ने यास्तिका भाटिया के साथ दूसरे विकेट के लिए 24 रन जोड़े। भारत को शेफाली वर्मा के रूप में दूसरा झटका लगा, जो 15 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 31 रन बनाकर आउट हुईं।

इसके बाद टीम ने निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाए। आलम ये रहा कि 10.2 ओवरों में 83 के स्कोर तक भारत को चौथा झटका लग गया था। यहां से कप्तान हमनप्रीत कौर ने दीप्ति शर्मा के साथ पांचवें विकेट के लिए 26 गेंदों में 33 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचा दिया।

कौर 22 गेंदों में 24 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। उनकी इस पारी में 2 चौके शामिल रहे। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने ऋचा घोष के साथ छठे विकेट के लिए 21 रन की साझेदारी की। इस मुकाबले में दीप्ति 21 गेंदों में 3 चौकों के साथ 29 रन बनाकर वापस लौटीं। इनके अलावा, ऋचा घोष ने 15 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

साउथ अफ्रीका की तरफ से मारिजैन कप्प और शबनीम इस्माइल ने 2-2 विकेट निकाले। नॉनकुलुलेको म्लाबा, अयाबोंगा खाका और नादिन डी क्लार्क ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

भारत की प्लेइंग इलेवन: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिगेज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, श्री चरणी और नंदिनी शर्मा।

साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन: लौरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), ताजमिन ब्रित्ज, एनेरी डर्कसेन, डेन वैन नीकेर्क, मारिजैन कप्प, नादिन डी क्लार्क, क्लो ट्रायॉन, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), शबनीम इस्माइल, अयाबोंगा खाका और नॉनकुलुलेको म्लाबा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement