हेटमायर-रदरफोर्ड ने खेली आतिशी पारी, वेस्टइंडीज ने पांचवें वनडे में न्यूजीलैंड को 2 विकेट से हराया

बारबाडोस, 22 जुलाई । वेस्टइंडीज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को पांचवें वनडे मुकाबले में 2 विकेट से हराया। केंसिंग्टन ओवल के मैदान पर न्यूजीलैंड से मिले 269 रनों के लक्ष्य को कैरेबियाई टीम ने 47.3 ओवर में 8 विकेट खोकर हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी रही, और अकीम ऑगस्टे और जस्टिन ग्रीव्स ने पहले विकेट के लिए 57 रन जोड़े। ग्रीव्स ने 15 गेंदों में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 22 रन बनाए। वहीं, ऑगस्टे ने 24 गेंदों में 34 रन बनाए। कीसी कार्टि अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 20 रन बनाकर आउट हुए। शाई होप ने कुछ दमदार शॉट्स लगाए और वह 52 गेंदों में 39 रन बनाने के बाद जेडन लेनोक्स का शिकार बने।

123 के स्कोर पर 4 विकेट गंवाने के बाद लड़खड़ाती दिख रही वेस्टइंडीज की पारी को शेरफेन रदरफोर्ड और शिमरॉन हेटमायर ने संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 90 गेंदों में 95 रन जोड़े। रदरफोर्ड ने 64 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। वहीं, हेटमायर 64 गेंदों में 69 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाकर लौटे। हेटमायर ने अपनी इस पारी में 2 चौके और 4 छक्के लगाए। गेंदबाजी में न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी और लेनोक्स ने तीन-तीन विकेट चटकाए।

इससे पहले, न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 268 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और हेनरी निकोल्स महज 10 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद विल यंग और निक केली ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 86 रन जोड़े। यंग ने 63 गेंदों में 56 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 6 चौके और एक छक्के लगाया। वहीं, केली ने 80 गेंदों का सामना करते हुए 64 रन बनाए।

मार्क चैपमैन 11 रन ही बना सके। टॉम लाथम अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने 71 गेंदों में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 69 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में वेस्टइंडीज की तरफ से 19 वर्षीय गेंदबाज विटेल लॉव्स और अल्जारी जोसेफ ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। हालांकि, पांचवें वनडे में मिली हार के बावजूद न्यूजीलैंड सीरीज को 3-2 से अपने नाम करने में सफल रही।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement