पहला टी20: मयंक और प्रिंस की घातक गेंदबाजी, भारत ने जिम्बाब्वे को 125 पर रोका

हरारे, 23 जुलाई । जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे तीन टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को पहली पारी में 125 रन पर रोक दिया है।

भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। भारतीय गेंदबाजों ने अपने कप्तान के फैसले को पूरी तरह सही साबित किया।

मंयक यादव, प्रिंस यादव, शिवम दुबे और रवि बिश्नोई की कसी हुई और घातक गेंदबाजी के सामने जिम्बाब्वे 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 125 रन बना सकी।

जिम्बाब्वे की शुरुआत खराब रही थी। टीम ने अपने शुरुआती 4 विकेट 32 रन पर गंवा दिए थे। इसके बाद रेयान बर्ल ने 35 गेंदों पर 26, वेस्ली मधेवेरे ने 34 गेंदों पर 39 और तादिवानाशे मारुमानी ने 20 गेंदों पर 27 रन बनाकर टीम को 125 तक पहुंचाया। बर्ल और मधेवेरे के बीच छठे विकेट के लिए निभाई 58 रन की साझेदारी बेहद अहम रही।

ब्रायन बेनेट 0, बेन करन 10, डियन मायर्स 6 और कप्तान सिकंदर रजा 4 रन बनाकर आउट हुए। इन शुरुआती 4 बल्लेबाजों की असफलता की वजह से जिम्बाब्वे बड़ा स्कोर नहीं बना सकी।

लंबे समय बाद टीम इंडिया में वापसी कर रहे तेज गेंदबाज मयंक यादव ने बेहतरीन गेंदबाजी की और 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए। प्रिंस यादव ने 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट लिए। शिवम दुबे ने 4 ओवर में 32 रन देकर 1 और रवि बिश्नोई ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लिए। भारत की तरफ से इस मैच में तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने डेब्यू किया है। उन्हें विकेट नहीं मिला। अशोक ने 4 ओवर में 29 रन दिए।

भारतीय टीम जब 126 के लक्ष्य का पीछा करने उतरेगी, तो सबसे ज्यादा नजर वैभव सूर्यवंशी पर होगी। आईपीएल 2026 में करिश्माई बल्लेबाजी करने वाले वैभव इंग्लैंड के खिलाफ लगातार 3 मैचों में फ्लॉप रहे थे। वैभव से इस मैच में बड़ी पारी की उम्मीद होगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement