आईपीएल 2026: आर्चर और शनाका की शानदार पारी, आरआर ने एमआई को दिया 206 रन का लक्ष्य
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के अपने आखिरी और प्लेऑफ में पहुंचने के दृष्टिकोण से बेहद अहम मैच में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने वानखेड़े स्टेडियम में टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ 8 विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाए हैं।।

मुंबई, 24 मई । इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के अपने आखिरी और प्लेऑफ में पहुंचने के दृष्टिकोण से बेहद अहम मैच में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने वानखेड़े स्टेडियम में टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ 8 विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाए हैं।
राजस्थान रॉयल्स के लिए यशस्वी जायसवाल ने तेज शुरुआत की, लेकिन उनका विकेट जल्द ही गिर गया। जायसवाल 17 गेंदों पर 27 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 3 छक्के और 1 चौका लगाया। वैभव सूर्यवंशी का बल्ला नहीं चला। वह 6 गेंदों पर 4 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान रियान पराग भी 8 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हो गए।
54 रन पर 3 विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसी आरआर को विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल, ऑलराउंडर दासुन शनाका, और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने अपनी छोटी, लेकिन अहम पारियों से संभाला। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए जुरेल ने 26 गेंदों पर 2 छक्के और 3 चौके की मदद से 38, पांचवें नंबर पर आए शनाका ने 15 गेंदों पर 3 छक्के की मदद से 29, और सातवें नंबर पर आए आर्चर ने 15 गेंदों पर 3 छक्के और 1 चौका की मदद से 32 रन बनाकर आरआर का स्कोर 8 विकेट के नुकसान पर 205 तक पहुंचाया। डोनोवन फरेरा ने भी 18 रन बनाए थे। आखिर में जडेजा 11 गेंदों पर 19 और नांद्रे बर्गर 3 गेंदों पर 10 रन बनाकर नाबाद रहे।
जसप्रीत बुमराह के बिना उतरी मुंबई इंडियंस की तरफ से गेंदबाजी की शुरुआत दीपक चाहर ने की। चाहर ने 4 ओवर में 43 रन देकर वैभव सूर्यवंशी और डोनोवन फरेरा का अहम विकेट लिया। शार्दुल ठाकुर ने 4 ओवर में 41 रन देकर 2 विकेट लिए। विल जैक्स ने 2 ओवर में 12 रन देकर 1, एम गजनफर ने 3 ओवर में 45 रन देकर 1, कॉर्बिन बोश ने 4 ओवर में 38 रन देकर 1 विकेट लिए।
Source: IANS
