आईपीएल 2026: चेपॉक में सीएसके और जीटी में रोमांचक मुकाबला आज, हेड-टू-हेड में कौन सी टीम आगे?

चेन्नई, 26 अप्रैल । आईपीएल 2026 का 37वां मुकाबला रविवार को दोपहर 3:30 से चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा। सीएसके अपने घरेलू मैदान पर जीत दर्ज कर प्लेऑफ की संभावना को बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी।

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने सीजन की शुरुआत लगातार 3 हार के साथ की थी, लेकिन इसके बाद टीम ने वापसी की है और पिछले 4 मुकाबलों में 3 में जीत हासिल की है। सीएसके ने पिछले मैच में मुंबई इंडियंस को उसके घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में 103 रन के बड़े अंतर से हराया था। इस जीत से निश्चित रूप से सीएसके का आत्मविश्वास बढ़ा होगा। सीजन के 7 मैचों में 3 जीत के साथ 6 अंक लेकर अंकतालिका में पांचवें स्थान पर मौजूद सीएसके जीटी के खिलाफ जीत हासिल कर अपनी स्थिति को और मजबूत करना चाहेगी। एमएस धोनी इस मैच का हिस्सा होंगे या नहीं, ये भी देखना अहम होगा।

गुजरात टाइटंस इस सीजन में बेहद साधारण नजर आई है। जीटी अपने 7 मैचों में 3 जीत के साथ सातवें स्थान पर है। जीटी ने सीजन की शुरुआत 2 हार के साथ की थी। इसके बाद टीम ने वापसी की और लगातार 3 मैच जीते, लेकिन पिछले 2 मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में सीएसके के खिलाफ होने वाला मुकाबला शुभमन गिल की कप्तानी वाली जीटी के लिए बेहद अहम है।

चेपॉक स्टेडियम की पिच हाल के दिनों में बल्लेबाजी के लिए ज्यादा अनुकूल हो गई है। हालांकि, स्पिनरों के लिए यह अब भी मददगार है। सीएसके के अकील हुसैन, नूर अहमद और जीटी के राशिद खान के लिए यहां बड़ा मौका हो सकता है। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को भी थोड़ी मदद मिल सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक चेन्नई में ज्यादा से ज्यादा तापमान 35.4 डिग्री से 38.2 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। रात का तापमान कम से कम 27.1 डिग्री से 30.1 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। बारिश की कोई संभावना नहीं है।

सीएसके और जीटी के बीच अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं। दोनों टीमों ने 4-4 मैच जीते हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement