तीसरा टी20: वैभव सूर्यवंशी शतक से चूके, भारत ने जिम्बाब्वे को दिया 193 रन का लक्ष्य

हरारे, 26 जुलाई । भारतीय क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे तीसरे टी20 मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वैभव सूर्यवंशी के विस्फोटक अर्धशतक की मदद से 5 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए हैं।

भारतीय टीम के लिए वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने पारी की शुरुआत की। अभिषेक फिर फ्लॉप रहे और मात्र 2 रन बनाकर आउट हो गए। वैभव और तीसरे नंबर पर आए ईशान किशन ने पारी को संभाला। बाएं हाथ के दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 50 गेंदों पर 75 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर 95 तक पहुंचाया। ईशान दूसरे विकेट के रूप में 26 गेंदों पर 29 रन बनाकर आउट हुए।

वैभव ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 50 रन जोड़े, जब ऐसा लग रहा था कि वैभव अपना पहला टी20 शतक पूरा कर लेंगे, उसी समय वह 81 के स्कोर पर आउट हो गए। वैभव का यह दूसरा अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक था। 49 गेंदों की इस पारी में वैभव ने 4 छक्के और 8 चौके लगाए।

श्रेयस अय्यर अच्छी शुरुआत को एक बार फिर बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। भारतीय कप्तान 18 गेंदों पर 27 रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा ने 9 गेंदों पर नाबाद 11 और रिंकू सिंह ने 14 गेंदों पर 25 रन बनाकर भारतीय टीम का स्कोर 5 विकेट पर 192 तक पहुंचाया। रिंकू पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए।

जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने 4 ओवर में 40 रन देकर 1, ब्लेसिंग मुजारबानी ने 4 ओवर में 33 रन देकर 1, वेस्ली मधेवेरे ने 4 ओवर में 37 रन देकर 1, और ब्रैड इवांस ने 4 ओवर में 41 रन देकर 2 विकेट लिए।

भारतीय टीम शुरुआती 2 मैच जीतकर सीरीज में 2-0 से आगे है। टीम के पास इस मैच को जीतकर क्लीन स्वीप का मौका है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement