गेंदबाजों ने कराई दूसरे सेशन में भारत की वापसी, टी-ब्रेक तक न्यूजीलैंड का स्कोर 131/4
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच हेगली ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। टेस्ट का दूसरा सेशन भारतीय टीम के नाम रहा।
क्राइस्टचर्च, 27 नवंबर । भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच हेगली ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। टेस्ट का दूसरा सेशन भारतीय टीम के नाम रहा। आकाश दीप और अंशुल कंबोज ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए इस सेशन में 3 विकेट चटकाए।
दूसरे सेशन की शुरुआत टॉम लाथम और हेनरी निकोल्स ने संभलकर की और 33 रन जोड़े तथा न्यूजीलैंड के स्कोर को 110 रनों तक पहुंचाया। हालांकि, लाथम और निकोल्स की इस साझेदारी को आकाश दीप ने तोड़ा। आकाश ने लाथम को 59 रनों के स्कोर पर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। लाथम ने अपनी इस पारी में 4 चौके लगाए।
इसके बाद अगले ही ओवर में अंशुल कंबोज ने पहले टेस्ट में शतकीय पारी खेलने वाले निकोल्स को आउट किया। निकोल्स 46 गेंदों का सामना करने के बाद 16 रन बनाकर आउट हुए। वह अपनी पारी में सिर्फ एक चौका लगा सके। रचिन रविंद्र को आकाश दीप ने खाता तक नहीं खोलने दिया और गेंद उनके बल्ले का भारी किनारा लेकर विकेटकीपर पंत के दस्तानों में समा गई। टी-ब्रेक तक डेरिल मिचेल 7 और टॉम ब्लंडेल 8 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
इससे पहले, टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड को पहले सेशन में कप्तान टॉम लाथम और डेवोन कॉनवे ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 77 रन जोड़े। कॉनवे 79 गेंदों का सामना करने के बाद 31 रन बनाकर गुरनूर बरार का शिकार बने। कॉनवे को गुरनूर ने पहले सेशन के आखिरी ओवर में आउट करते हुए अपने टेस्ट करियर का पहला विकेट चटकाया।
भारतीय टीम इस मुकाबले में एक बदलाव के साथ मैदान पर उतरी है। प्रसिद्ध कृष्णा की जगह प्लेइंग इलेवन में गुरनूर बरार को शामिल किया गया है। वहीं, न्यूजीलैंड ने अपने अंतिम एकादश में कोई बदलाव नहीं किया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया सीरीज का पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था। न्यूजीलैंड ने टेस्ट के पांचवें दिन बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपनी हार को टाला था।
Source: IANS