पीबीकेएस के खिलाफ टॉस जीतकर आरआर ने चुनी गेंदबाजी, लॉकी फर्ग्यूसन की वापसी

न्यू चंडीगढ़, 28 अप्रैल । आईपीएल 2026 के 40वें मुकाबले में मंगलवार को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) की भिड़ंत राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के साथ हो रही है। महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।

राजस्थान रॉयल्स ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बड़े बदलाव किए हैं। शिमरोन हेटमायर की जगह पर दासुन शनाका को मौका मिला है। वहीं, रवि बिश्नोई के स्थान पर यश राज को टीम में शामिल किया गया है। टॉस जीतने के बाद रियान ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव हैं। हेटमायर की जगह शनाका टीम में आए हैं। वहीं, बिश्नोई की जगह यश खेल रहे हैं।"

वहीं, पंजाब किंग्स भी इस मुकाबले में दो बदलाव के साथ उतरी है। सूर्यांश शेडगे और लॉकी फर्ग्यूसन को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है। टॉस हारने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "हम भी गेंदबाजी करना पसंद करते। विकेट कुछ दिनों तक ढका रहा है। सूर्यांश शेडगे और लॉकी फर्ग्यूसन टीम में आए हैं। मैं अजमत और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करना चाहता हूं।"

पंजाब किंग्स का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में अब तक शानदार रहा है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम अजेय रही है। पीबीकेएस ने इस सीजन अब तक 7 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 6 में जीत मिली है, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या का प्रदर्शन बल्ले से कमाल का रहा है। वहीं, कप्तान श्रेयस अय्यर 7 मुकाबलों में 279 रन बना चुके हैं। हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में टीम का गेंदबाजी अटैक संघर्ष करता नजर आया था।

दूसरी तरफ, राजस्थान रॉयल्स को आखिरी मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल तो अच्छी लय में दिखाई दिए हैं, लेकिन टीम का मिडिल ऑर्डर काफी कमजोर नजर आया है। खासतौर पर कप्तान रियान पराग रनों के लिए बुरी तरह से संघर्ष कर रहे हैं। हालांकि, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर ने शानदार गेंदबाजी की है। वहीं, बृजेश शर्मा भी टीम के भरोसे पर खरे उतरे हैं।

राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन :- वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा और यश राज पुंजा।

पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन :- प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, सूर्यांश शेडगे, नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement