फीफा वर्ल्ड कप: पैराग्वे को हराकर क्वार्टर फाइनल में फ्रांस, एम्बाप्पे बने जीत के नायक

फिलाडेल्फिया, 5 जुलाई । फ्रांस ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। राउंड ऑफ 16 मुकाबले में फ्रांस ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पैराग्वे को 1-0 से हराया।

फ्रांस की इस जीत के नायक किलियन एम्बाप्पे रहे। एम्बाप्पे ने मैच का एकमात्र गोल किया। डिजायर डूए को पेनल्टी बॉक्स के अंदर फाउल किए जाने के बाद फ्रांस को पेनल्टी मिली। पेनल्टी का फायदा उठाते हुए एम्बाप्पे ने बिना कोई गलती किए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाया। यह एम्बाप्पे का इस वर्ल्ड कप में सातवां गोल है। इसके साथ ही वह गोल्डन बूट की दौड़ में भी मजबूत दावेदार बने हुए हैं। वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में यह उनका रिकॉर्ड 11वां गोल भी रहा। इसके अलावा, वह लगातार तीन वर्ल्ड कप में राउंड ऑफ 16 मैच में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।

हालांकि, फ्रांस के लिए यह मुकाबला बिल्कुल आसान नहीं रहा। पैराग्वे ने पूरे मैच में अनुशासित खेल दिखाया और मजबूत डिफेंस के बूते फ्रांस को ज्यादा मौके नहीं दिए। पहले हाफ में फ्रांस के पास गेंद पर ज्यादा नियंत्रण था, लेकिन टीम पैराग्वे के मजबूत डिफेंस को नहीं भेद सकी। फ्रांस के खिलाड़ियों के ज्यादातर प्रयास दूर से लगाए गए शॉट तक सीमित रहे, जिनका गोलकीपर ऑरलैंडो गिल ने आसानी से बचाव कर लिया।

दूसरे हाफ में फ्रांस ने आक्रामक खेल दिखाया। ओस्मान डेम्बेले ने तेज कॉर्नर मूव पर गोल करने की कोशिश की, लेकिन गेंद साइड नेटिंग में लगी। इसके बाद मनु कोने के दमदार लंबी दूरी के शॉट को ऑरलैंडो गिल ने शानदार डाइव लगाकर रोका। लगातार बढ़ते दबाव के बीच आखिरकार 69वें मिनट में फ्रांस को पेनल्टी मिली और एम्बाप्पे ने उसे गोल में बदलकर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई। इसके बाद फ्रांस ने बढ़त को अंत तक कायम रखा और 1-0 की जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब अंतिम आठ के मुकाबले में फ्रांस का सामना मोरक्को से होगा, जिसने अपने राउंड ऑफ 16 मुकाबले में कनाडा को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल का टिकट हासिल किया है।

मैच के बाद एम्बाप्पे ने कहा, "हमें पता था कि किस तरह के मैच की उम्मीद करनी है। मुझे लगता है कि हमारे लिए इस तरह का गेम खेलना और यह देखना कि हमने इसे कैसे हैंडल किया, वाकई बहुत अच्छा था। हमने दिखाया कि हम सिर्फ अटैकिंग फुटबॉल खेलने वाली टीम नहीं हैं। हर टीम अपनी ताकत का इस्तेमाल करते हैं। खेलने का कोई सही या गलत तरीका नहीं होता। अब हमें मोरक्को के खिलाफ होने वाले मैच पर फोकस करना है। हम उनका सामना करने के लिए वाकई बहुत उत्सुक हैं, क्योंकि हम जानते हैं कि वे बहुत अच्छी टीम हैं।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement