फीफा विश्व कप: सेमीफाइनल मैच में डेक्लान राइस के खेलने पर अंतिम क्षणों में फैसला करेगी इंग्लिश टीम

नई दिल्ली, 14 जुलाई । इंग्लैंड फुटबॉल टीम के स्टार मिडफील्डर और उप-कप्तान डेक्लान राइस अपनी बीमारी से पूरी तरह उबर चुके हैं, लेकिन अर्जेंटीना के विरुद्ध होने वाले फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में उनके खेलने को लेकर अंतिम निर्णय मैच से ठीक पहले किया जाएगा। इंग्लिश टीम के मुख्य कोच थॉमस ट्यूशेल उनकी फिटनेस की गहन निगरानी कर रहे हैं और कोई भी अंतिम फैसला लेने से पहले वे आखिरी अभ्यास सत्र के खत्म होने का इंतजार करेंगे।

गौरतलब है कि नॉर्वे के खिलाफ खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच से पहले राइस अस्वस्थ हो गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वे उस मैच से पहले तीन दिनों तक बिस्तर पर ही थे। इसके बावजूद उन्होंने मुकाबले में शुरुआत की थी, लेकिन पहले हाफ में वे असहज दिखाई दिए जिसके कारण हाफ-टाइम पर उन्हें मैदान से वापस बुला लिया गया था। हालांकि, अब उनके स्वास्थ्य में काफी सुधार हुआ है और सोमवार को उन्होंने टीम के साथ नियमित अभ्यास सत्र में भी हिस्सा लिया।

हालांकि बीमारी के अलावा राइस हैमस्ट्रिंग और पीठ दर्द की समस्या से भी जूझ रहे हैं। इसके बावजूद 27 वर्षीय मिडफील्डर को भरोसा है कि वह अर्जेंटीना के खिलाफ शुरुआती एकादश में जगह बनाने के लिए पूरी तरह तैयार होंगे। 78 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके राइस इस विश्व कप में इंग्लैंड के लगभग सभी मुकाबलों में शुरुआती टीम का हिस्सा रहे हैं। केवल पनामा के खिलाफ ग्रुप चरण का मैच वह चोट के कारण नहीं खेल पाए थे।

इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल से पहले कैनसस सिटी स्थित अपने प्रशिक्षण केंद्र में आखिरी अभ्यास सत्र करेगी। इसके बाद खिलाड़ियों को रिकवरी सेशन कराया जाएगा और फिर पूरी टीम अटलांटा के लिए रवाना होगी, जहां सेमीफाइनल खेला जाएगा। ट्यूशेल तीन खिलाड़ियों के साथ मैच से पहले स्टेडियम का निरीक्षण भी करेंगे।

इंग्लैंड और अर्जेंटीना दोनों ने सेमीफाइनल तक पहुंचने के लिए कड़ा संघर्ष किया है। इंग्लैंड ने नॉकआउट चरण में कांगो डीआर, मैक्सिको और नॉर्वे को हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। दूसरी ओर, मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना ने काबो वर्डे, मिस्र और स्विट्जरलैंड जैसी टीमों को हराकर अपना अभियान जारी रखा।

इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच सेमीफाइनल गुरुवार को भारतीय समयानुसार 12:30 बजे (एएम) से खेला जाएगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement