फीफा वर्ल्ड कप: पुर्तगाल की निराशाजनक शुरुआत, 1-1 से ड्रॉ रहा डीआर कांगो के खिलाफ मुकाबला

ह्यूस्टन, 18 जून । फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पुर्तगाल की शुरुआत निराशाजनक हुई है। ग्रुप के मुकाबले में पुर्तगाल डीआर कांगो से पार नहीं पा सका और टीम को 1-1 से ड्रॉ खेलने पर मजबूर होना पड़ा।

पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो पहले मुकाबले में बेरंग नजर आए और वह कोई भी गोल नहीं कर सके। पुर्तगाल ने जोआओ नेवेस के छठे मिनट में ही किए गए गोल की बदौलत शुरुआती बढ़त बना ली थी। हालांकि, डीआर कांगो ने पहले हाफ के अतिरिक्त समय में वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर दिया।

पूरे मुकाबले में पुर्तगाल ने गेंद पर तो लगातार कब्जा बनाए रखा, लेकिन टीम मुकाबले में अपना दूसरा गोल करने में नाकाम रही। डीआर कांगो के डिफेंस ने पूरे मैच में शानदार प्रदर्शन किया। डीआर कांगो के लिए यह ऐतिहासिक दिन था। 52 साल बाद विश्व कप में लौटने वाली टीम ने अपना पहला वर्ल्ड कप पॉइंट अर्जित किया।

पुर्तगाल के लिए मुकाबले के शुरुआती कुछ मिनट शानदार रहे। मैच के छठे मिनट में जोआओ नेवेस ने पेड्रो नेटो के शानदार लेफ्ट-विंग क्रॉस पर लियोनेल मपासी को छकाते हुए हेडर मारकर पुर्तगाल को मैच में 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, इसके बाद डीआर कांगो ने लगातार दबाव बनाए रखा और पहले हाफ के अंत में आर्थर मासुआकू के क्रॉस पर विसा ने हेडर से जबरदस्त गोल किया। यह डीआर कांगो का वर्ल्ड कप इतिहास का पहला गोल रहा।

दूसरे हाफ में जोआओ कैंसेलो ने शानदार ओवरहेड किक से गोल किया, लेकिन वह ऑफसाइड थे, जिसके कारण गोल मान्य नहीं हुआ। मैच में बेअसर नजर आए रोनाल्डो ने इस मुकाबले में एक बड़ी उपलब्धि जरूर हासिल की। वह वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे अधिक उम्र (41 साल 132 दिन) में शुरुआती एकादश (प्लेइंग इलेवन) में शामिल होने वाले आउटफील्ड खिलाड़ी बने। यह रोनाल्डो का 23वां वर्ल्ड कप मैच था, जिससे वह इटली के महान खिलाड़ी पाओलो मालदिनी के साथ ऑल-टाइम लिस्ट में चौथे स्थान पर आ गए।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement