'इंग्लैंड के पास 60 वर्षों में सबसे अच्छा नतीजा हासिल करने का मौका', फ्रांस के खिलाफ मैच से पहले बोले कोच ट्यूशेल

मियामी, 18 जुलाई । फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अर्जेंटीना के खिलाफ मिली हार के बाद इंग्लैंड के मुख्य कोच थॉमस ट्यूशेल ने अपनी रणनीति का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि मैच के दौरान लिए गए फैसलों पर उन्हें कोई पछतावा नहीं है। टूर्नामेंट में तीसरे स्थान के लिए शनिवार को फ्रांस के खिलाफ होने वाले मैच को लेकर ट्यूशेल ने कहा कि इंग्लैंड के पास 60 वर्षों में सबसे अच्छा नतीजा हासिल करने का मौका है।

ट्यूशेल ने हार की पूरी जिम्मेदारी खुद लेते हुए कहा कि टीम को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने अपनी समझ, अनुभव और सोच के आधार पर फैसले लिए थे। इंग्लैंड को सेमीफाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना के हाथों 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। मैच के अंतिम क्षणों में टीम के धीमे खेल को लेकर काफी आलोचना हुई थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्यूशेल ने माना कि उनकी टीम उस समय उतनी आक्रामक नहीं रही, जितना होनी चाहिए थी।

हालांकि, उन्होंने टीम के लिए अपनाए गए 'बैक-फाइव' डिफेंस सिस्टम का बचाव किया। ट्यूशेल ने कहा कि उन्हें अपने फैसलों पर कोई पछतावा नहीं है, क्योंकि उन्होंने मैच की स्थिति को देखते हुए टीम की मदद करने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि अगर वह समय रहते कोई बदलाव नहीं करते या टीम को संभालने की कोशिश नहीं करते तो उन्हें ज्यादा अफसोस होता। कोच के अनुसार, उनका हर फैसला टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचाने और जीत हासिल करने के इरादे से लिया गया था।

ट्यूशेल ने कहा, "अगर किसी को जिम्मेदारी लेनी है तो वह मैं हूं, क्योंकि मैं टीम का हेड कोच हूं।" उन्होंने यह भी कहा कि वह खिलाड़ियों या किसी अन्य व्यक्ति पर हार का दोष नहीं डालना चाहते। कोच के मुताबिक, इस हार का दर्द सबसे ज्यादा टीम के खिलाड़ियों और स्टाफ को ही है और यह अनुभव लंबे समय तक उनके साथ रहेगा।

कोच ने शारीरिक थकान को भी अर्जेंटीना के खिलाफ मिली हार की एक बड़ी वजह बताया। उन्होंने कहा, "खिलाड़ियों ने शारीरिक रूप से अपना सब कुछ झोंक दिया। अर्जेंटीना ने एक अलग ही स्तर का खेल दिखाया, उनके पास एक साथ खिताब जीतने का अनुभव है। इस बात ने अहम भूमिका निभाई।" ट्यूशेल ने माना कि इंग्लैंड को अभी दुनिया की शीर्ष टीमों के स्तर तक पहुंचने के लिए काफी मेहनत करनी होगी।

शनिवार को फ्रांस के खिलाफ होने वाले तीसरे स्थान के मुकाबले को लेकर ट्यूशेल ने कहा कि यह मैच आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा, "इस मैच में कोई भी खिलाड़ी नहीं खेलना चाहता है, लेकिन यह इंग्लैंड के लिए पिछले 60 वर्षों में सबसे अच्छा नतीजा हासिल करने का मौका है। हमें अभी काफी फासला तय करना है। फ्रांस, स्पेन और अर्जेंटीना से जीत की उम्मीद की जाती है। हम अभी भी सपने देख रहे हैं और प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, हम अपनी कोशिशें नहीं छोड़ेंगे।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement