फीफा वर्ल्ड कप: जूड बेलिंगहम के नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि, यह मुकाम हासिल करने वाले बने पहले इंग्लिश खिलाड़ी

नई दिल्ली, 19 जुलाई । फीफा विश्व कप 2026 में इंग्लैंड ने तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में फ्रांस को 6-4 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इस मुकाबले में एक गोल करने के साथ ही जूड बेलिंगहम ने इतिहास रच दिया है।

बेलिंगहम फीफा विश्व कप के एक संस्करण में इंग्लैंड की ओर से सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। फ्रांस के खिलाफ बेलिंगहम ने टूर्नामेंट में अपना सातवां गोल करते हुए यह खास मुकाम हासिल किया। उन्होंने हैरी केन और गैरी लाइनकर को इस मामले में पीछे छोड़ा। केन ने साल 2018 और मौजूदा विश्व कप में छह-छह गोल किए। वहीं, गैरी लाइनकर ने 1986 के विश्व कप में इंग्लैंड की ओर से खेलते हुए 6 गोल दागे थे। बेलिंगहम ने फ्रांस के खिलाफ एकमात्र गोल इंजरी टाइम में किया।

इंग्लैंड मुकाबले में शुरुआत से ही हावी नजर आया। मैच के तीसरे ही मिनट में डेक्लान राइस ने इंग्लैंड को 1-0 की बढ़त दिलाई। वहीं, मैच के 18वें मिनट में एजरी कोन्सा ने इंग्लैंड के लिए दूसरा गोल दागा। बुकायो साका ने मैच के 37वें और 43वें मिनट में दो लगातार गोल करते हुए पहले हाफ में इंग्लैंड को 4-0 से आगे रखा। हालांकि, दूसरे हाफ में फ्रांस ने वापसी की। मैच के 48वें मिनट में किलियन एम्बाप्पे ने फ्रांस के लिए पहला गोल किया, जबकि 58वें मिनट में बारकोला ने दूसरा गोल दागा। एम्बाप्पे ने जल्द ही एक और गोल करते हुए स्कोर को 4-3 पर ला दिया।

हालांकि, मैच के 87वें मिनट में बुकायो साका ने पेनल्टी पर गोल करते हुए इंग्लैंड को मुकाबले में 5-3 से आगे कर दिया। इंजरी टाइम में उस्मान डेम्बेल ने फ्रांस के लिए चौथा गोल किया, लेकिन बेलिंगहम ने इंग्लैंड की ओर से छठा और मैच में अपना पहला गोल करते हुए टीम की जीत पर मुहर लगा दी। 1966 में विश्व चैंपियन बनने के बाद यह इंग्लैंड का फीफा विश्व कप में दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement