AIFF एलीट यूथ लीग: सिर्फ 10 मिनट में 3 गोल, जिंक एफए को हराकर पंजाब एफसी ने बचाया खिताब

गढ़शंकर (पंजाब), 28 अप्रैल । एआईएफएफ एलीट यूथ लीग 2025-26 में पंजाब एफसी ने मंगलवार को रामसर साहिब स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए फाइनल में जिंक फुटबॉल एकेडमी को 3-0 से मात देकर अपना खिताब सफलतापूर्वक बचाया। इस मुकाबले के तीनों गोल 10 मिनट में हुए।

दूसरे हाफ में 10 मिनट के जोरदार खेल में 'द कब्स' (पंजाब एफसी) ने तीन गोल दागे, जिसमें करिष सोराम ने 69वें मिनट में पहला गोल किया। विशाल यादव ने 70वें मिनट में बढ़त दोगुनी कर दी। 79वें मिनट में थोंगराम ऋषिकान्त सिंह के गोल से मैच का नतीजा तय हो गया।

पंजाब एफसी ने पहले हाफ में गेंद पर पूरा दबदबा बनाए रखा, और ज्यादातर खेल जिंक एकेडमी के हाफ में ही चलता रहा। विशाल और समीर दोनों ने शुरुआत में ही जिंक एफए के गोलकीपर स्मरनिक थापा की परीक्षा ली, लेकिन गोलकीपर ने शानदार बचाव करते हुए उन्हें गोल करने से रोक दिया।

30वें मिनट में गोलकीपर को फिर से एक्शन में आना पड़ा, उन्होंने एक कॉर्नर से आए सतनाम सिंह के हेडर को रोकने के लिए शानदार डाइव लगाकर बचाव किया। दूसरी ओर, जिंक एफए ने अपने सेट-पीस का अच्छा इस्तेमाल करते हुए कुछ मौके बनाए, लेकिन उनके प्रयास सीधे विश्वजीत की ओर गए, जिससे दोनों टीमें हाफ-टाइम ब्रेक तक 0-0 की बराबरी पर रहीं।

जिंक एफए ने डिफेंस में अपनी मजबूती बरकरार रखी थी, लेकिन 69वें मिनट में यह बराबरी खत्म हो गई। करिष सोराम ने गोलकीपर को कोई मौका नहीं दिया, और उनके बाएं पैर से मारा गया एक शानदार 'कर्लर' शॉट गोल के ऊपरी बाएं कोने में जा लगा।

मौजूदा चैंपियन ने एक मिनट के अंदर ही अपनी बढ़त दोगुनी कर दी। जिंक एकेडमी के एक डिफेंडर के फिसलने से हुए गलत पास का फायदा उठाते हुए विशाल यादव ने पिच पर आगे बढ़कर गेंद को अपने कब्जे में ले लिया। पंजाब के कप्तान ने आगे बढ़ रहे गोलकीपर को छकाते हुए गेंद को गोल में डाल दिया, जिससे स्कोर 2-0 हो गया।

पंजाब एफसी ने अपने आक्रामक खेल को जारी रखा और 79वें मिनट में अपना तीसरा गोल भी कर दिया। मोइरांगथेम सायोंबा सिंह ने ऋषिकांत को एक बेहतरीन असिस्ट दिया, जिन्होंने अपने मार्कर को ड्रिबल करते हुए पीछे छोड़ा और अपने बाएं पैर से शॉट मारकर गोल कर दिया। पंजाब एफसी ने मैच के बाकी हिस्से पर अपना नियंत्रण बनाए रखा और अपने घरेलू समर्थकों के सामने अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement