'यह वाकई एक शानदार उपलब्धि', पीएम मोदी ने जूनियर एशिया कप का खिताब

नई दिल्ली, 13 सितंबर । भारत की पुरुष और महिला जूनियर हॉकी टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों ही टीमों को इस खास उपलब्धि के लिए बधाई दी है।

भारतीय महिला हॉकी टीम ने फाइनल मुकाबले में मेजबान चीन को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, पुरुष टीम ने खिताबी मुकाबले में साउथ कोरिया को 4-1 से रौंदते हुए रिकॉर्ड छठी बार जूनियर एशिया कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

पीएम मोदी ने जूनियर महिला टीम को बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "भारतीय हॉकी के लिए गर्व का पल। शानदार और अजेय प्रदर्शन के साथ एशिया कप का खिताब बरकरार रखने पर हमारी जूनियर महिला हॉकी टीम को बधाई। उनकी यह सफलता खिलाड़ियों की प्रतिभा और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। पूरी टीम को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"

वहीं, पुरुष टीम को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने 'एक्स' पर लिखा, "फाइनल में 4-1 की शानदार जीत के साथ एशिया कप जीतने पर हमारी जूनियर पुरुष हॉकी टीम को बधाई। यह वाकई एक शानदार उपलब्धि है। यह कामयाबी हमारे युवा खिलाड़ियों के जबरदस्त हुनर ​​को दिखाती है। पूरी टीम को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"

भारतीय पुरुष टीम का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में कमाल का रहा। भारतीय टीम ने यह लगातार चौथी बार एशिया कप को अपने नाम किया है। फाइनल में भारत के लिए मैच का पहला गोल अजीत यादव ने 9वें मिनट में दागा। इसके बाद 13वें मिनट में अनमोल एक्का ने गोल करते हुए भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया। प्रभदीप ने 21वें मिनट में तीसरा गोल किया, जबकि चौथा गोल आशु मौर्य ने मैच के 50वें मिनट में किया। साउथ कोरिया की टीम महज एक गोल ही कर सकी।

दूसरी ओर, महिला हॉकी टीम ने अपने मजबूत डिफेंस के बूते खिताब पर कब्जा जमाया। मैच का एकमात्र गोल भारत की ओर से सानिका चंद्रकांत ने 17वें मिनट में किया। इसके बाद भारतीय डिफेंस ने चीन को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। भारतीय महिला टीम ने तीसरी बार जूनियर एशिया कप को जीतकर हैट्रिक पूरी कर ली है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter