'दबदबा था, है और रहेगा', पाकिस्तान पर मिली बड़ी जीत के लिए हॉकी इंडिया ने भारतीय टीम को सराहा

नई दिल्ली, 27 जून । हॉकी इंडिया ने लंदन में एफआईएच हॉकी प्रो लीग में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर पुरुष टीम की जबरदस्त 7-1 की जीत का जश्न मनाया और कहा कि इस प्रदर्शन से टीम का दबदबा और वह सब कुछ दिखा जो भारतीय हॉकी को खास बनाता है।

हॉकी इंडिया ने शानदार जीत के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, “दबदबा था, है और रहेगा। पेनल्टी कॉर्नर से गोल, एक पेनल्टी स्ट्रोक और फील्ड में शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ ही यादगार जश्न। इस एफआईएच हॉकी प्रो लीग मुकाबले में वो सब कुछ था जो भारतीय हॉकी को खास बनाता है।"

हॉकी इंडिया ने आगे लिखा, "मेन इन ब्लू (भारतीय टीम) ने लंदन में पाकिस्तान को 7-1 से हराकर जबरदस्त प्रदर्शन किया, जिससे भारत का अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पर एक दशक पुराना जीत का सिलसिला अब 17 मैचों तक पहुंच गया है।” भारत ने हाल के वर्षों में पाकिस्तान के खिलाफ अपना सबसे शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने मुकाबले में बेहतरीन अटैक और मजबूत डिफेंस दिखाया।

भारत ने मैच में पेनल्टी कॉर्नर, पेनल्टी स्ट्रोक और फील्ड गोल के जरिए कुल सात गोल किए। पूरे मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल दिखाया और पाकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही तेज खेल दिखाया और लगातार मैच पर पकड़ बनाए रखी। टीम ने ज्यादा समय तक गेंद पर कब्जा रखा और तेज पासिंग के जरिए बार-बार पाकिस्तान के डिफेंस पर दबाव बनाया। भारतीय खिलाड़ियों के लगातार हमलों का असर स्कोरबोर्ड पर साफ दिखा। वहीं, भारतीय डिफेंस भी मजबूत रहा और उन्होंने पाकिस्तान को सिर्फ एक गोल तक ही सीमित रखा।

इस जीत के साथ भारत का पाकिस्तान के खिलाफ अजेय रिकॉर्ड बरकरार है। भारत पिछले 17 इंटरनेशनल हॉकी मैचों में पाकिस्तान से नहीं हारा है। यह सिलसिला लगभग एक दशक से जारी है। मुकाबले की शुरुआत पाकिस्तान ने शानदार अंदाज में की और 13वें मिनट में अबू महमूद ने पहला गोल दागा। हालांकि, इसके बाद भारतीय टीम ने जबरदस्त वापसी की और दूसरे और तीसरे क्वार्टर में गोलों की बारिश करते हुए पाकिस्तान के डिफेंस की पोल खोलकर रख दी। भारत के लिए सुखजीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह, हार्दिक, जुगराज सिंह , अभिषेक , राज कुमार पाल , और दिलप्रीत सिंह ने एक-एक गोल किया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement