विंबलडन: जॉइंट को शिकस्त देकर तीसरे राउंड में पहुंचीं एला, जीत के साथ रचा इतिहास

लंदन, 2 जुलाई । विंबलडन में फिलीपींस की एलेक्जेंड्रा एला ने गुरुवार को लंदन के ऑल इंग्लैंड क्लब में माया जॉइंट के खिलाफ 3-6, 6-2, 6-0 से जीत दर्ज करते हुए पहली बार तीसरे राउंड में प्रवेश किया। यह मुकाबला दो घंटे से भी कम समय में खत्म हो गया। इस जीत के साथ एला 'द चैंपियनशिप' (विंबलडन) के तीसरे राउंड में पहुंचने वाली पहली फिलीपीन खिलाड़ी बन गईं।

मैच की शुरुआत में, ऑस्ट्रेलिया की जॉइंट ने बढ़त बना ली थी। वह वैसी ही शानदार लय में दिख रही थीं जैसी कुछ दिन पहले सेरेना विलियम्स के खिलाफ जीत के दौरान थीं, लेकिन एला ने वापसी की। निर्णायक सेट में, 21 वर्षीय एला ने शुरुआती अहम ब्रेक हासिल किया और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

पिछले साल ईस्टबोर्न फाइनल में जॉइंट के खिलाफ एला को बेहद करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था, जो निर्णायक सेट के टाई-ब्रेक में 12-10 पर खत्म हुआ था। ऐसे में विंबलडन में गुरुवार को इस जीत के साथ हिसाब बराबर किया।

इससे पहले, मैरी बौजकोवा और एमा नवारो ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर विमेंस सिंगल्स के तीसरे राउंड में जगह बनाई।

नंबर 21 सीड बौजकोवा पहले सेट में शुरुआती ब्रेक से उबरते हुए ग्रांट को 7-5, 6-3 से हराकर तीसरी बार विंबलडन के तीसरे राउंड में पहुंचीं। बौजकोवा का अगला मुकाबला पिछले साल विंबलडन क्वार्टर फाइनलिस्ट रहीं ल्यूडमिला सैमसनोवा से होगा, जिन्होंने नंबर 15 सीड डायना श्नाइडर को 6-4, 4-6, 6-2 से हराकर तीसरे राउंड में जगह बनाई। डब्ल्यूटीए टूर पर हेड-टू-हेड मुकाबलों में सैमसनोवा 3-2 से आगे हैं, हालांकि ग्रास कोर्ट पर हुई उनकी पिछली एकमात्र भिड़ंत में बौजकोवा ने जीत हासिल की थी।

दूसरी तरफ, एमा नवारो ने ओक्साना सेलेखमेतेवा को 3-6, 6-4, 6-1 से हराकर लगातार तीसरे साल ऑल इंग्लैंड क्लब में तीसरे राउंड में जगह बनाई है। अमेरिकी खिलाड़ी साल 2024 में क्वार्टर फाइनल और पिछले साल चौथे राउंड तक पहुंची थीं। अगले राउंड में उनका मुकाबला या तो 12वीं सीड मार्टा कोस्त्युक से या फिर अन्ना ब्लिंकोवा से होगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement