गोल्फ: एमसीबी लेडीज क्लासिक मॉरीशस में दीक्षा डागर की दावेदारी मजबूत

पोर्ट लुइस (मॉरीशस), 3 मई । एमसीबी लेडीज क्लासिक मॉरीशस में भारत की दीक्षा डागर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी दावेदारी मजबूती कर ली है। लेडीज यूरोपियन टूर (एलईटी) की दो बार की विजेता डागर ने अपने शुरुआती राउंड के 68 स्कोर के बाद, बिना किसी गलती के 3-अंडर 69 का स्कोर बनाया। इस तरह दो राउंड के बाद उनका कुल स्कोर 7-अंडर-पार हो गया।

दीक्षा डागर के बोगी-फ्री प्रदर्शन ने उन्हें चौथे स्थान पर बराबरी पर ला खड़ा किया। वह संयुक्त लीडर्स डेनमार्क की स्मिला टार्निंग सोंडरबी, जर्मनी की सेलिना सैटेलकाऊ और साउथ अफ्रीका की कैसेंड्रा अलेक्जेंडर से सिर्फ दो स्ट्रोक पीछे थीं। ये सभी लीडर्स 9-अंडर-पार पर थीं।

इस हफ्ते मुकबला कर रहीं चार भारतीय गोल्फर्स में से तीन ने कट पार करके अगले राउंड में जगह बनाई। डागर के साथ-साथ हिताशी बख्शी और त्वेसा मलिक ने भी फाइनल राउंड में अपनी जगह पक्की की। बख्शी ने 71 और 69 के राउंड खेले। वह 19वें स्थान पर बराबरी पर रहीं, जबकि मलिक ने 70 और 71 का स्कोर बनाया और 26वें स्थान में बराबरी पर रहीं। हालांकि, वाणी कपूर 78 और 77 के राउंड खेलने के बाद अगले राउंड में नहीं पहुंच सकीं।

डागर की हालिया फॉर्म से पता चलता है कि वह धीरे-धीरे अपने बेहतरीन प्रदर्शन की ओर लौट रही हैं। विमेंस साउथ अफ्रीकन ओपन में 37वें स्थान में बराबरी पर रहने और उससे पहले दो बार कट से बाहर होने के बाद, ऐसा लग रहा है कि वह आने वाले हीरो विमेंस इंडियन ओपन के लिए ठीक समय पर अपनी लय हासिल कर रही हैं। उनके दूसरे राउंड में छठे, 10वें और 12वें होल पर बर्डी शामिल थीं, जिससे उनके नियंत्रण और सटीकता का पता चलता है।

अपनी सनशाइन लेडीज टूर की सदस्यता के जरिए मुकाबला कर रहीं मलिक ने तीन बर्डी तो बनाईं, लेकिन अपने राउंड के दौरान दो बोगी भी कर दीं। लीडर्स में, सोंडरबी ने जोरदार शुरुआत की, पहले नौ होल्स में 6-अंडर पर रहीं, लेकिन अगले नौ होल्स में मुश्किलों का सामना करना पड़ा और उन्होंने 69 के स्कोर के साथ खेल खत्म किया।

सैटेलकाऊ ने पहले राउंड के 68 के स्कोर के बाद दूसरे राउंड में शानदार 67 का कार्ड खेला, जिसमें उन्होंने पांच बर्डी लगाईं। वहीं, अलेक्जेंडर ने भी 67 का स्कोर किया। उन्होंने एक डबल बोगी की भरपाई सात बर्डी के दम पर की और संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर पहुंच गईं। प्रतियोगिता में मुकाबला बेहद रोमांचक बना हुआ है। दीक्षा समेत सात खिलाड़ी लीडर्स से सिर्फ दो शॉट पीछे 7-अंडर-पार के स्कोर पर मौजूद हैं।

कुल 75 खिलाड़ियों ने +1 के स्कोर पर कट हासिल किया। खास बात यह है कि 18 गोल्फर फाइनल राउंड में लीड से चार शॉट्स के अंदर हैं। सब कुछ दांव पर लगे होने के साथ, मॉरीशस में एक रोमांचक फिनिश के लिए मंच तैयार है, जहां डागर और उनके साथी खिलाड़ी लीड के अंतर को कम करने और खिताब के लिए चुनौती देने का लक्ष्य लेकर उतरेंगे।

Source: IANS

Advertisement

Get Newsletter