फ्रेंच ओपन 2026: पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचे फ्लेवियो कोबोली, फेलिक्स ऑगर को हराया

पेरिस, 4 जून । फ्रेंच ओपन 2026 में इटली के युवा टेनिस खिलाड़ी फ्लेवियो कोबोली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने करियर में पहली बार मेजर सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है। 24 वर्षीय कोबोली ने पुरुष सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में कनाडा के फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे को 4-6, 6-4, 6-4, 6-4 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।

मैच की शुरुआत कोबोली के लिए अच्छी नहीं रही। उन्होंने पहला सेट 4-6 से गंवा दिया। इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की और लगातार तीन सेट जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। यह जीत उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है, क्योंकि वह पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।

मैच के बाद कोबोली ने कहा कि यह उनकी जिंदगी का सबसे बेहतरीन सप्ताह रहा है। उन्होंने बताया कि पहले सेट में तेज हवा के कारण खेलना काफी मुश्किल था। बाद में कोर्ट की छत बंद होने के बाद परिस्थितियां बदल गईं और उन्हें अपना खेल बेहतर तरीके से खेलने का मौका मिला। कोबोली ने कहा कि उन्होंने खुद से कहा कि यह उनके जीवन का सबसे बड़ा मौका हो सकता है, इसलिए उन्हें पूरी ताकत से लड़ना होगा।

कोबोली पूरे मैच के दौरान काफी आत्मविश्वास में नजर आए। उनके फोरहैंड शॉट्स और कोर्ट पर तेज मूवमेंट ने ऑगर-अलियासिमे को लगातार दबाव में रखा। महत्वपूर्ण अंकों पर भी उन्होंने बेहतरीन खेल दिखाया और यही उनकी जीत की बड़ी वजह बनी।

इस जीत का असर विश्व रैंकिंग पर भी पड़ा है। टूर्नामेंट की शुरुआत में वह दुनिया के 14वें नंबर के खिलाड़ी थे, लेकिन अब लाइव रैंकिंग में 10वें स्थान तक पहुंच गए हैं, जो उनके करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। अब अगर बाकी परिणाम उनके पक्ष में रहते हैं, तो वह पहली बार आधिकारिक तौर पर टॉप-10 खिलाड़ियों में शामिल हो सकते हैं।

सेमीफाइनल में कोबोली का मुकाबला अपने ही देश के खिलाड़ी से होगा। माटेओ बेरेटिनी और माटेओ अर्नाल्डी के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले का विजेता कोबोली से सेमीफाइनल में भिड़ेगा। यह महज तीसरा मौका होगा, जब इटली के दो खिलाड़ी किसी मेजर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में हिस्सा लेंगे। इससे पहले 1960 में फ्रेंच ओपन में निकोला पिएट्रांगेली और ऑरलैंडो सिरोला सेमीफाइनल में पहुंचे थे, तो पिछले साल जैनिक सिनर और लोरेंजो मुसेट्टी ने साथ में सेमीफाइनल का टिकट कटाया था।

कोबोली की जीत के साथ एक और बड़ा रिकॉर्ड भी बना है। यह पहली बार है जब किसी पुरुष ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में ऑल-इटैलियन सेमीफाइनल सुनिश्चित हुआ है। इसके साथ ही यह भी तय हो गया है कि इस बार पुरुष वर्ग के फाइनल में इटली का एक खिलाड़ी हिस्सा लेगा। इटली लंबे समय से फ्रेंच ओपन पुरुष खिताब का इंतजार कर रहा है। आखिरी बार 1976 में एड्रियानो पनाटा ने रोलां गैरोस का खिताब जीता था।

कोबोली ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल करने से अब महज दो जीत दूर हैं। सेमीफाइनल से पहले कोबोली ने कहा कि वह अपनी सामान्य दिनचर्या ही अपनाएंगे, दोस्तों के साथ डिनर करेंगे और आराम करेंगे। उन्होंने अपने साथी इटैलियन खिलाड़ियों को शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला भी शानदार होगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement