फ्रेंच ओपन: डाब्रोव्स्की-इवान किंग को मात देकर एरानी-वावसोरी ने जीता मिक्स्ड डबल्स खिताब

पेरिस, 4 जून । फ्रेंच ओपन में सारा एरानी और एंड्रिया वावसोरी ने गुरुवार को फाइनल मुकाबले में गैब्रिएला डाब्रोव्स्की और इवान किंग को 4-6, 6-3, 10-4 से शिकस्त दी। इसके साथ ही वे साल 2019 के बाद फ्रेंच ओपन मिक्स्ड डबल्स की ट्रॉफी लगातार दूसरी बार जीतने वाली पहली जोड़ी बन गई।

कोर्ट फिलिप-चैट्रियर पर हुए एक कड़े मुकाबले वाले फाइनल में इटली की इस टॉप सीड जोड़ी ने एक सेट से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 1 घंटे 19 मिनट में मुकाबला अपने नाम किया। ​​

तेज हवाओं के बीच खेलते हुए, एरानी और वावासोरी को शुरुआत में ही अपने विरोधियों से कड़ी चुनौती मिली। उनके विरोधियों ने हवा के मिजाज को जल्दी भांप लिया और मैच में जबरदस्त बढ़त बना ली। डाब्रोव्स्की और किंग ने पूरे कोर्ट पर बेहतरीन टेनिस का प्रदर्शन करते हुए पहले सेट पर कब्जा जमाया और बढ़त को बरकरार रखते हुए खिताब से बस एक सेट दूर रह गए, लेकिन साइड बदलने के बाद मैच का रुख पूरी तरह से बदल गया।

एरानी और वावासोरी ने ज्यादा आक्रामकता और निरंतरता के साथ जवाब दिया। उन्होंने दूसरे सेट की शुरुआत में ही जबरदस्त खेल दिखाते हुए मुकाबले पर अपनी पकड़ बना ली और अपने विरोधियों को बैकफुट पर धकेल दिया। निर्णायक चैंपियनशिप टाईब्रेक में पहुंचने के बाद, मौजूदा चैंपियन जोड़ी ने जरा भी समय बर्बाद नहीं किया। उन्होंने शुरुआत में ही बढ़त बना ली और अपने विरोधियों को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

आखिरकार, उन्होंने अपने पहले ही चैंपियनशिप प्वाइंट को भुनाते हुए एक और बड़ी जीत अपने नाम की और ग्रैंड स्लैम मिक्स्ड डबल्स फाइनल में अपने अजेय रिकॉर्ड को बरकरार रखा।

यह जीत एरानी के शानदार करियर में एक और मील का पत्थर साबित हुई है। 39 वर्षीय एरानी के नाम अब महिला और मिक्स्ड डबल्स को मिलाकर कुल 10 ग्रैंड स्लैम खिताब हो गए हैं, जबकि वावासोरी ने हमवतन खिलाड़ी के साथ मिलकर अपना चौथा मिक्स्ड डबल्स ग्रैंड स्लैम खिताब जीता है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement