पंजाब खेल में पिछड़ रहा, दूसरे राज्य बढ़ रहे: हरभजन सिंह

नई दिल्ली, 6 अगस्त । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर और राज्य सभा सांसद हरभजन सिंह ने गुरुवार को कहा कि पंजाब खेल के क्षेत्र में लगातार पिछड़ रहा है, जबकि दूसरे राज्य आगे बढ़ रहे हैं।

हरभजन सिंह ने संसद परिसर में आईएएनएस से कहा, "खेल एक ऐसा क्षेत्र है जिसे मैं समझता हूं क्योंकि मैंने खेला है। मुझे उम्मीद है कि पंजाब के खेल से जुड़ी संरचनाओं को बेहतर बनाने के लिए काम किया जाएगा। मैं सालों से कह रहा हूं कि पंजाब खेल के क्षेत्र में लगातार पिछड़ रहा है, जबकि दूसरे राज्य आगे बढ़ गए हैं। वे राज्य भी भारत का हिस्सा हैं, लेकिन एक पंजाबी होने के नाते, मुझे लगता है कि पंजाब, जो कभी खेल में सबसे आगे था, अब मुख्य रूप से संसाधन और संरचना की कमी और बहुत से युवाओं के विदेश चले जाने की वजह से पिछड़ गया है।"

उन्होंने कहा कि अगर पंजाब के युवाओं पर ध्यान दिया जाए, उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाए और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो राज्य देश को बेहतरीन एथलीट दे सकता है और फिर से देश में खेलों के मामले में शीर्ष राज्य बन सकता है।

युवाओं के राज्य से बाहर जाने के पर हरभजन ने कहा, "पंजाब के बहुत सारे युवा इसलिए बाहर चले गए हैं, क्योंकि वर्षों से राज्य में उद्योग बहुत कम हैं। मैं वहीं पैदा हुआ और पला-बढ़ा, लेकिन नौकरियां देने के लिए उद्योग काफी नहीं हैं। युवाओं को काम के लिए दिल्ली, मुंबई या कहीं और जाना पड़ता है। अभी तक किसी भी बड़ी कंपनी ने पंजाब में बड़ा निवेश नहीं किया है। युवाओं को प्रदेश में वापस लाने के लिए उद्योग, रोजगार और खेल के क्षेत्र में व्यापक काम करना होगा।"

हरभजन ने बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर पंजाब में खेल के विकास पर चर्चा की थी।

राज्य सभा सांसद ने आईएएनएस को बताया था कि गृह मंत्री से चर्चा के दौरान उन्होंने मुख्य रूप से दो मुद्दों पर बात की। पहला, पंजाब कभी खेलों में सबसे आगे था, लेकिन आज राज्य में खेलों में काफी गिरावट आई है, इंफ्रास्ट्रक्चर बहुत खराब हालत में है। ऐसा लगता है कि खेल राज्य सरकार की आखिरी प्राथमिकताओं में से एक है। दूसरा, मेरा मानना ​​है कि बच्चों को ड्रग्स से दूर रखने के लिए खेल सबसे असरदार तरीकों में से एक है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter