'सड़क सुरक्षा सप्ताह' के तहत कोलकाता पुलिस ने निकाली शहर में साइकिल

कोलकाता, 8 अगस्त । 'सड़क सुरक्षा सप्ताह 2026' के तहत कोलकाता पुलिस ने शनिवार को सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए एक साइकिल रैली आयोजित की। कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय कुमार नंदा ने इस रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह रैली विक्टोरिया मेमोरियल से शुरू हुई और प्रिंसिप घाट होते हुए लालबाजार में समाप्त हुई। इस कार्यक्रम में लगभग 150 लोगों ने हिस्सा लिया। रैली का मुख्य उद्देश्य खासकर दोपहिया वाहन चलाने वालों के बीच सड़क पर सुरक्षित तौर-तरीकों को बढ़ावा देना था।

पुलिस कमिश्नर अजय कुमार नंदा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि करीब 8 से 10 किलोमीटर की यह जागरुकता रैली रही है। करीब 150 लोग शामिल हुए हैं, जिनमें पुलिसकर्मी और साइकिलिंग क्लब के लोग शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि आज बाइक राइडर्स के लिए ऐसा कोई प्रोग्राम नहीं है। हालांकि, ट्रैफिक विंग ने कोलकाता में राइडर्स को सही तरीके से हेलमेट पहनने, सही तरह का हेलमेट चुनने और सुरक्षा से जुड़ी दूसरी सावधानियों के बारे में जागरूक करने के लिए पहले ही अलग-अलग जागरूकता कार्यक्रम और बाइक रैलियां आयोजित की हैं। आज का कार्यक्रम ट्रैफिक विंग की ओर से आयोजित साइकिल रैली है।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से 'सड़क सुरक्षा सप्ताह' चल रहा है। इस अभियान के तहत कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हम स्कूली बच्चों और समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों तक पहुंचकर उन्हें ट्रैफिक नियमों व सड़क पर बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक कर रहे हैं। इसी पहल के तहत आज साइकिल रैली आयोजित की गई है।

कमिश्नर अजय कुमार नंदा ने कहा कि यह अभियान रविवार को खत्म होगा। हम समापन कार्यक्रम भी आयोजित करेंगे। साइकिलिंग क्लब के लोग भी कार्यक्रम के जरिए अपना संदेश देंगे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter